कोकराझाड़ : कोकराझाड़ में आयोजित बोड़ो साहित्य सभा में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि मेघालय, नगालैंड व त्रिपुरा में भाजपा गठबंधन की सरकारें बनेंगी, क्योंकि इन सभी राज्यों में पहले से ज्यादा हमारा जनाधार बढ़ा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या कोकराझाड़ लोकसभा  चुनाव में यूपीपीएल भाजपा बीपीएफ का साझा उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा तो उन्होंने कहा कि दो महीने बाद हम कोकराझाड़ लोकसभा चुनाव में बातचीत के जरिए उम्मीदवार के नामों की घोषणा करेंगे और चुनाव में जीतने के लिए बीपीएफ यानी हग्रामा महिलारी से भी समर्थन मांगेंगे।

जब उनसे पूछा गया कि असम के साथ-साथ बीटीसी में हत्या, हिंसा व डकैती की घटना बढ़ी हैं तो उन्होंने कहा कि हत्या, हिंसा व डकैती करने वाले सभी लोगों की पहचान कर लिया गया हैं। बहुत ही जल्द राज्य में हिंसा को अंजाम देने वाले लोग सलाखों के पीछे होंगे, किसी को छोडेंगे नहीं।उन्होंने आगे कहा कि पुलिस इनकाउंटर में हाल ही में मारे गए व्यक्ति को कुछ लोग निर्दोष बता रहे हैं वह निर्दोष कैसे हो सकता है उसके नाम पर बहुत सारे थानों में मामले दर्ज हैं। अगर कोई उसे निर्दोष साबित कर सकता है तो आप हमें प्रमाण दे तो जिन पुलिस वालों ने उसका इनकाउंटर किया उस पर हम जांच बैठा देगें।