नई दिल्लीः त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद गुरुवार रात पीएम नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे और अपनी स्पीच में विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- हमारी जीत से घबराए कुछ कट्टर विरोधी कहते हैं मर जा मोदी, लेकिन मेरे देशवासी कहते हैं मत जा मोदी।
पीएम ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से यह भी पूछा नॉर्थ-ईस्ट के रिजल्ट के बाद टीवी पर ईवीएम को गाली पड़नी शुरू हुई या नहीं। उन्होंने कहा- हम एक नई दिशा पर चल पड़ा नॉर्थ-ईस्ट देख रहे हैं। यह दिलों की दूरियां समाप्त होने का ही नहीं, बल्कि नई सोच का प्रतीक है। अब नॉर्थ-ईस्ट न दिल्ली से दूर है न दिल से दूर है। यह इतिहास रचे जाने का समय है। मैं नॉर्थ-ईस्ट की समृद्धि और विकास का समय देख रहा हूं। कुछ दिन पहले मैं जब वहां गया तो किसी ने कहा कि मोदी जी आपको अपनी हाफ सेंचुरी के लिए बहुत-बहुत बधाई। मैंने पूछा कि कैसी हाफ सेंचुरी तब उन्होंने बताया कि आप जब से प्रधानमंत्री बने हैं तब से 50 बार से अधिक बार नॉर्थ-ईस्ट की विजिट कर चुके हैं।