गुवाहाटी : राज्य में नई शिक्षा नीति के तहत हाईस्कूल लिविंग सर्टिफिकेट परीक्षा यानी मैट्रिक की परीक्षा शुक्रवार से शुरू होगी। इस साल मैट्रिक की परीक्षा 3 मार्च से 20 मार्च तक चलेगी।
राज्य के कुल 912 परीक्षा केंद्रों पर 4 लाख 22 हजार 174 परीक्षार्थी अपने शैक्षणिक करियर की पहली महत्वपूर्ण परीक्षा देंगे, इनमें से 1,94,354 छात्र और 2,28,120 छात्राएं हैं। बरपेटा जिले से सबसे अधिक 27,647 उम्मीदवार हैं जबकि माजुली में सबसे कम 3,037 उम्मीदवार परीक्षा में बैठेंगे। मैट्रिक और हाई मदरसे की परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पहले से ही असम माध्यमिक शिक्षा परिषद (सेबा) ने तैयारी पूरी कर ली है। छात्रों की सुविधा के मद्देनजर इस बार 9 नए केंद्र बढ़ाए गए हैं।
विभिन्न विषयों की प्रायोगिक परीक्षाएं 24 और 25 फरवरी को पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं। सेबा ने यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव आवश्यक कदम उठाए हैं कि कोई भी छात्र मैट्रिक की परीक्षा में नकल का सहारा न ले सके। सेबा ने घोषणा की है कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्र लीक होने का खतरा बना रहता है और इसलिए उन केंद्रों में जैमर लगाने की भी व्यवस्था की गई है।