गुवाहाटीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके मंत्रिपरिषद के साथ बैठक की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि बैठक में हुई चर्चा को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने ट्वीट करते हुए कहा कि मेरे कैबिनेट सहयोगियों के लिए एक दुर्लभ सौभाग्य है कि आज गुवाहाटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला। अधिकारियों के मुताबिक यहां कोईनाधारा राज्य गेस्ट हाउस में हुई बैठक करीब दो घंटे तक चली। जिसमें असम की राजनीति पर चर्चा होने के साथ ही असम में हो रहे विकास कार्य के बारे में भी मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री मोदी के सामने संक्षिप्त रूप से रखा। उक्त बैठक के दौरान भाजपा के घटक दल असम गण परिषद (अगप) के अध्यक्ष तथा असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा ने अपनी बातों को रखा।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम सरकार को जनहित योजनाओं को तेजी पूरा करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने केंद्र तथा राज्य सरकार की ओर से चल रही कल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उल्लेखनीय है कि इसके अलवा अन्य भावी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भी कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में नई सरकारों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए पूर्वोत्तर के दो दिवसीय दौरे पर हैं।