गुवाहाटीःकड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच असम विधानसभा का बजट सत्र कल शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। 10 मार्च से शुरू होने वाला बजट सत्र आगामी 5 अप्रैल तक चलेगा।  वित्त मंत्री अजंता नेओग 16 मार्च को राज्य का बजट पेश करेंगी।  विधानसभा सत्र में 14 कार्य दिवस होंगे और इसके साथ 7 दिनों के विभागीय कार्यक्रम शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि हिमंत सरकार का यह दूसरा पूर्णांग बजट होगा। जानकारों का मानना है कि आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बजट में कई लोक लुभावन प्रस्ताव लाए जा सकते हैं।

मालूम हो कि बजट को लेकर आज शाम एक सर्वदलीय बैठक हुई, जिसमें सत्तापक्ष की ओर से सत्र को शांतिपूर्ण तरीके से चलने का आह्वान किया गया। वहीं दूसरी ओर असम विधानसभा के नेत प्रतिपक्ष देवब्रत सैकिया ने मीडिया से कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होने वाले विधानसभा के बजट सत्र में विपक्षी दलों की ओर से पूरे राज्य में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के साथ ही महंगाई, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। सैकिया ने कहा कि विपक्ष अपना धर्म निभाने के लिए पूरी ताकत लगाएगा। 

उल्लेखनीय है कि सत्तापक्ष की ओर से भी विपक्ष को करारा जवाब देने की रणनीति बनाई गई है।  बृहस्पतिवार को सत्तापक्ष और विपक्षी दलों के विधायकों की अलग-अलग बैठकें हुईं, जिसमें सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे रहे। एआईयूडीएफ के वरिष्ठ विधायक आमिनुल इस्लाम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गरीबों को प्रताड़ित करने के मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा।  मालूम हो कि राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्षी दलों द्वारा बाधाएं खड़ी किए जाने की पूर्ण संभावना है। वहीं दूसरी ओर बजट सत्र को ध्यान में रखते हुए दिसपुर इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।