डिजिटल डेस्क: बेंगलुरु में एक सरकारी बस में आग लगने की खबर सामने आई है जिसमें बस कंडक्टर की मौत हो गई है, जिस वक्त ये हादसा हुआ उस समय बस लिंगधीरनहल्ली में बेंगलुरु मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन के बस स्टैंड पर खड़ी थी। पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया है कि बस में आग लगने की वजह से 45 साल के बस कंडक्टर की मौत हो गई तथा उसकी पहचान मुथैया स्वामी के तौर पर हुई है। घटना आज की बताई जा रही है,और बस में आग लगने के दौरान बस कंडक्टर बस में ही मौजूद था और सो रहा था। डीसीपी लक्ष्मण बी निम्बारगी के मुताबिक, सुमनहल्ली बस डिपो की बीएमटीसी बस में आग लग गई थी।
सबसे पहले ड्राइवर ने देखी जलती हुई बस:
39 साल के बस ड्राइवर प्रकाश ने सबसे पहले सुबह करीब 4:45 बजे इस घटना को देखा,और उसने बस को डी ग्रुप स्टोप पर गुरुवार रात के करीब 10.30 बजे खड़ा किया था और रेस्टरूट में सोने चला गया,वहीं कंडक्टर बस में ही सो गया।
80 फीसदी तक जला कंडक्टर:
डीसीपी ने कहा कि कंडक्टर 80 फीसदी तक जल गया था,हालांकि आग कैसे लगी, इस बार में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। डीसीपी लक्ष्मण ने कहा कि इससे पहले शुक्रवार को बयातारायणपुरा पुलिस थाना के अंतर्गत प्रमोद लेआउट इलाके में प्लास्टिक की बोतलों और अन्य कबाड़ संग्रह वाली जगह पर रात करीब 12 बजे आग लग गई,तथा आग लगने की सूचना मिलते ही तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। डीसीपी ने कहा, “आग बुझाने के लिए कुल आठ दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया”,हालांकि इस हादसे में किसी की मौत की खबर नहीं है।