नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने शनिवार को कहा कि ऑस्ट्रेलिया एक सहिष्णु बहु-सांस्कृतिक देश है और धार्मिक स्थलों पर हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर हमलों के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऑस्ट्रेलिया में हाल में मंदिरों पर हमलों की घटनाओं को लेकर अल्बनीज को अपनी चिंताओं से अवगत कराने के एक दिन बाद उनकी टिप्पणी आई है। अल्बनीज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया एक ऐसा देश है जहां लोगों की आस्था का सम्मान किया जाता है और वह धार्मिक इमारतों पर, चाहे वे हिंदू मंदिर हों, मस्जिद हों या चर्च हों, किसी भी तरह के हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा।

अल्बानीज से पूछा गया था कि ऑस्ट्रेलिया में हिंदू मंदिरों की रक्षा के लिए उन्होंने मोदी को क्या आश्वासन दिया। भारत की अपनी तीन दिवसीय यात्रा समाप्त करने से पहले, अल्बानीज ने ऑस्ट्रेलियाई पत्रकारों के एक समूह से कहा कि मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि ऑस्ट्रेलिया एक ऐसा देश है जो लोगों की आस्था का सम्मान करता है और धार्मिक स्थलों पर हमलों को सहन नहीं किया जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री के कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार कि ऑस्ट्रेलिया में इसका कोई स्थान नहीं है। और, हम यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी पुलिस और अपनी सुरक्षा एजेंसियों के माध्यम से हर संभव प्रयास करेंगे कि जिम्मेदार लोगों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़े।