गुवाहाटी : वित्त मंत्री अजंता नेउग कल राज्य सरकार का बजट पेश करेंगी। उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान कहा कि इस बार के बजट में महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए अच्छी खबर मिल सकती है। वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि कल बृहस्पतिवार को पेश होनेवाला बजट को राज्य में अब तक का सबसे बड़ा रोजगारोन्मुखी बजट हो सकता है। असम विधानसभा के बजट सत्र में बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण के बाद धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि मैं वित्त मंत्री अजंता नेउग से कल सदन में अब तक की सबसे बड़ी स्वरोजगार योजना प्रस्तावित करने का अनुरोध करूंगा। 2023-24 का बजट 1.22 लाख करोड़ रुपए का होगा।

उन्होंने कहा कि असम सरकार इस बार गरीबी से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के तहत इस साल के बजट में अरुणोदय, स्वास्थ्य बीमा, राशन और आवास के माध्यम से गरीबी के खिलाफ लड़ाई घोषित की गई है। सीएम ने आगे कहा कि हमने 1,00,000 लोगों को नौकरी और 2,00,000 लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। 41 हजार की भर्ती हो चुकी है और बाकी 60,000 की मई तक भर्ती की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया पहले से ही चल रही है। डॉ. शर्मा ने कहा, पिछला बजट 1.06 लाख करोड़ रुपए का था। नए बजट में इस बजट में सबसे बड़ा निवेश शिक्षा क्षेत्र में होगा। 25 नए कॉलेज और प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में एक वैज्ञानिक तरीके का हाई स्कूल का निर्माण शामिल होगा।

सरकार सार्वजनिक शिक्षा को अत्यधिक महत्व देगी। चाय बागानों में 100 नए स्कूल निर्माण का काम जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा किस राज्य में एक साथ 6 विश्वविद्यालय, 24 मेडिकल कॉलेज और 12 इंजीनियरिंग कॉलेज निर्माणाधीन है? किस राज्य ने एक साथ आंगनवाड़ी केंद्र स्थापित करने के लिए 25 लाख रुपए आवंटित किए हैं? अरुणोदय योजना पर प्रकाश डालते हुए सीएम ने कहा कि कुछ लोगों ने हमसे पूछा है कि हमें अरुणोदय की आवश्यकता क्यों है? जिन्होंने हमें विधानसभा भेजा है उन्हें अरुणोदय चाहिए। चुनाव के दौरान जब हम अरुणोदय योजना की बात करते थे भीड़ ने हमें तालियों से समर्थन दिया था। इस साल हम 27 लाख महिलाओं को अरुणोदय योजना में शामिल करेंगे। भविष्य में 35 लाख महिलाओं को अरुणोदय योजना में शामिल किया जाएगा। असम को देश में सबसे अच्छे राज्य के रूप में गढ़ने के लिए संकल्प लिए गए हैं।

कांग्रेस शासन की तुलना में इस साल बजट व्यय में 300 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। सीएम ने यह भी कहा, इस साल के बजट में अपना वाहन नामक एक नई योजना शामिल होगी। इससे पहले, अपना घर नामक योजना को अपनाया गया था। इस बीच, 2023-24 के वित्त वर्ष के बजट में असम के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र को छूने की कोशिश की गई है। वित्त मंत्री अजंता नेउग ने कहा कि इस बार के बजट में महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए अच्छी खबर होगी तो महिलाओं और मध्यम वर्ग के लिए निश्चित रूप से अच्छी खबर आएगी।