गुवाहाटी : वित्तमंत्री अजंता नेउग ने वित्तवर्ष 2023-24 में बजट भाषण के दौरान बुनियादी ढांचा परियोजना के कार्यान्वयन के तहत हो रहे और होने वाले कई कार्यों की घोषणा की। उन्होंने उल्लेख किया कि असम माला कार्यक्रम में विभिन्न कार्यान्वयन चरण हैं जिनमें एसओपीडी, बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाएं और एनआईडीए (नाबार्ड इंफ्रास्ट्रख्र डेवलपमेंट असिस्टेंस) शामिल हैं। 18 अनुबंधों में पैक की गई लगभग 343 किलोमीटर लंबी 14 सड़कों को एसओपीडी चरण के तहत लिया गया है। 110 किमी लंबाई के 5 कार्य पूरे हुए हैं। शेष पैकेज प्रगति के विभिन्न चरणों में हैं और 2024 तक पूरा होने की संभावना है। असम माला कार्यों के लिए अब तक 1,861.20 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है और अब तक 1,465.23 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है। 3,519.27 करोड़ रुपए के परिव्यय के साथ असम सेकेंडरी रोड नेटवर्क इंप्रूवमेंट प्रोजेक्ट के तहत 247 किलोमीटर के 8 काम पूरे किए गए हैं।

सड़कों में ऐतिहासिक धोदर आलि भी शामिल है। एएससीसीआईपी के तहत 3,994 करोड़ रुपए के परिव्यय के साथ 312.5 किमी के 11 कार्य पूरे किए गए हैं। इसमें डिमा हसाओ, कार्बी आंग्लांग और पश्चिम कार्बी आंग्लांग पहाड़ी जिलों, बीटीआर और बराक घाटी क्षेत्र में एक-एक धमनी सड़क शामिल है। एनआईडीए के तहत 1,252.14 करोड़ रुपए के परिव्यय के साथ 135 किमी लंबाई के 5 सड़कों के पैकेज लिए गए हैं। इन कार्यों में गोलाघाट जिले में प्रसिद्ध पंडित हेम चंद्र गोस्वामी पथ का विकास शामिल है। सभी काम शुरू हो गए हैं। वित्तमंत्री ने कहा कि खानापाड़ा से बाईहाटा चाराली, डुमुनिचौकी, कुरुआ होकर नारंगी तक ब्रह्मपुत्र नदी पर दक्षिण में नारंगी और उत्तर में कुरुआ को जोड़ने वाला 6-लेन का पुल सहित लगभग 91 किलोमीटर का गुवाहाटी रिंग रोड को हकीकत में बदलने के लिए कड़ी मेहनत की जा रही है। इसके साथ ही धुबड़ी फूलबाड़ी पुल के अलावा पलाशबाड़ी को सुवालकुची से जोड़ने वाली ब्रह्मपुत्र नदी पर बनने वाले पुल को भी 3197.20 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है और बहुत जल्द काम शुरू होने जा रहा है। काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर मंजूरी के अंतिम चरण में है और वन्यजीव विभाग की मंजूरी की प्रक्रिया में है।

एएसआरआईपी के तहत ईपीसी मोड पर 925 करोड़ रुपए की लागत से माजुली को जोरहाट से जोड़ने वाली ब्रह्मपुत्र नदी पर पुल का निर्माण, सड़क का सुधार एवं उन्नयन के तहत बालीचपोरी, माजुली से बंगालमारा, लखीमपुर सहित दो प्रमुख पुलों का निर्माण, 969.15 करोड़ रुपए की लागत से लुइत और सुवनसिरी नदी अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं हैं। कुमारिकाता और नयाबस्ती को जोड़ने वाली सड़क के साथ पगलादिया नदी पर बड़े पुल का निर्माण कार्य जोरों पर है। निर्माण के लिए प्रस्तावित कुछ महत्वपूर्ण फ्लाईओवरों में गोपीनाथ बरदलै रोड पर फोर लेन एलिवेटेड रोड,  गुवाहाटी गरभंगा रोड पर साइकिल फैक्ट्री जंक्शन पर फ्लाईओवर, आरके चौधरी रोड पर फटाशील चरियाली में फ्लाईओवर, जीएस रोड पर डाउनटाउन अस्पताल के पास और राजीव भवन के पास फ्लाईओवर, कामाख्या मंदिर के लिए वैकल्पिक एलिवेटेड रोड, दीपर बिल के पास एलीफैंट कॉरिडोर स्थानों के लिए हाथी अंडरपास, गुवाहाटी में शहीद स्मारक एप्रोच रोड और कोइनाधारा रोड से दपर बिल के पार एलिवेटेड रोड, जोरहाट में बरुवा चाराली से भोगदोई पुल तक फ्लाईओवर, अमोलापट्टी रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर, मानकोटा रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर, डिबूगढ़ में लाहोवल रेलवे क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर, डिफू स्टेडियम से डिफू प्रधान डाकघर तक फ्लाईओवर, सिलचर कला रोड पर एलिवेटेड रोड सहित असम माला के तहत 4 नए रोड कॉरिडोर भी निर्मित होंगे।