गुवाहाटी : असम पुलिस ने मैट्रिक प्रश्नपत्र लीक मामले के मास्टरमाइंड की पहचान कर ली है। असम पुलिस के आपराधिक जांच विभाग द्वारा चार दिनों के छापे के बाद यह पुष्टि हुई कि लखीमपुर में एक परीक्षा केंद्र प्रश्न पत्र रिसाव का केंद्र था। पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली है कि लखीमपुर के लोहित खाबलू हाईस्कूल के परीक्षा केंद्र के तत्वावधायक प्रणव दत्त मैट्रिक के प्रश्न पत्र लीक करने के कार्य में जुड़े हैं।
पुलिस ने प्रश्रपत्र लीक के मामले में लोहित खाबलू हाई स्कूल में प्रधान शिक्षक और परीक्षा केंद्र के प्रमुख प्रणव दत्त तथा उनके साथ दफलाकटा जनजातीय हाई स्कूल में विज्ञान के शिक्षक कुमुद राजखोवा को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईडी सूत्रों ने कहा कि परीक्षा केंद्र के प्रमुख ने पैसे के बदले प्रश्न पत्र लीक कर दिए थे। हालांकि, केंद्र के तत्वावधायक से पूछताछ की जा रही है कि कहीं उसने किसी के हित में तो प्रश्न पत्र लीक नहीं किए। गौरतलब है कि प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में सीआईडी ने अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किए हैं।
गुरुवार को 4 नई गिरफ्तारियां की गईं। सीआईडी ने माजुली और सोनितपुर से दो छात्रों को भी गिरफ्तार किया है। लखीमपुर सदर थाने में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गुरुवार शाम से प्रणव दत्त से पूछताछ शुरू कर दी है हालांकि कुमुद राजखोवा को जेंगराई से लखीमपुर लाया जा रहा है। दफलाकाटा जनजातीय हाईस्कूल की मैट्रिक की परीक्षा सोवनसिरी नदी के किनारे न-आलि अवनारी हाईस्कूल में होता है। इसलिए दफलाकाता जनजातीय हाई स्कूल के विज्ञान शिक्षक कुमुद राजखोवा और लोहित खाबलू हाई स्कूल के प्रधानाचार्य प्रणव दत्त के बीच क्या संबंध है वह पुलिस की जांच से ही पता चलेगा।
गौरतलब है कि सीआईडी ने इससे पहले गुवाहाटी के काहिलीपाड़ा स्थित भावरी देवी सराउगी मूकबधिर स्कूल में परीक्षा केंद्र की प्रमुख ज्योति रेखा बुढ़ागोहांई, शिक्षक हेरंब कुमार दास और अस्थायी कर्मचारी चित्तरंजन राय को गिरफ्तार किया था। अब लखीमपुर में मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी ने साबित कर दिया कि ये तीनों शिक्षक और कर्मचारी निर्दोष हैं।