गुवाहाटी : क्या हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा के हर विषय के प्रश्नपत्र लीक हो गए हैं? विधानसभा में विपक्ष दलों ने यह सवाल उठाया है। यह पहले ही साफ हो गया था कि हाई स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट परीक्षा के विज्ञान और असमिया विषयों के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं। प्रतिपक्ष नेता देवव्रत सैकिया ने शुक्रवार को शून्यकाल के दौरान असम विधानसभा में प्रश्न-पत्र लीक के संदर्भ में अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल विज्ञान और असमिया प्रश्न पत्र लीक हुआ है या सभी विषयों के प्रश्न पत्र लीक हुए हैं, इस बारे में शिक्षा मंत्री को छात्रों को आश्वस्त करना चाहिए।
सेबा को भी यह स्पष्ट करना चाहिए कि सिर्फ दो विषयों की परीक्षा दोबारा कराया जाएगा या सभी विषयों की परीक्षाएं फिर नए सिरे से कराई जाएंगी। कांग्रेस विधायक रकिबुल हुसैन ने पहले हो चुके विषयों के प्रश्न-पत्र भी लीक होने का संदेह जताया। विरोधियों को आश्वस्त करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज़ पेगू ने कहा कि आरोपी ने विज्ञान के प्रश्न पत्र निकालने की बात स्वीकार की है। इस संदर्भ में पुलिस ने मुख्यमंत्री को सूचना दी और मुख्यमंत्री ने विज्ञान की परीक्षा रद्द करने की सलाह दी। सीएम ने ट्वीट कर यह सिफारिश की है कि विज्ञान की परीक्षा दोबारा होनी चाहिए ताकि शक की कोई गुंजाइश न रहे।
शिक्षामंत्री ने आगे कहा कि हमारे पास बची हुई परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। पुलिस ने भी ऐसी कोई घटना के बारे में कुछ नहीं बताया है। इसलिए बाकी परीक्षाओं को लेकर कोई नया फैसला नहीं लिया गया है। संसदीय कार्य मंत्री पीयूष हजारिका ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक होना एक निंदनीय बात है। पहले भी प्रश्न-पत्र लीक हो चुके हैं, आरोपी पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं। लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए बहुत सावधानी से कदम उठाए जाएंगे।