कीव : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को यूक्रेन के बंदरगाह शहर मारियुपोल की यात्रा की। रूस की सरकारी समाचार एजेंसियों ने रविवार सुबह यह जानकारी दी। यह मारियुपोल की पुतिन की पहली यात्रा है, जिस पर मॉस्को ने सितंबर में 'गैरकानूनी तरीके से कब्जा कर लिया था। शनिवार को पुतिन यूक्रेेन से लेकर क्रीमिया का रूस में विलय करने की नौवीं वर्षगांठ के मौके पर काला सागर के प्रायद्वीप पर भी गए, जो मारियुपोल के नजदीक स्थित है।
मारियुपोल दुनियाभर में प्रतिरोध का एक प्रतीक बन गया था, जहां यूक्रेनी सेना के कई जवान करीब तीन महीने तक इस्पात के संयंत्र में डटे रहे थे, लेकिन आखिरकार मॉस्को ने इस पर कब्जा कर लिया था। दो दिन पहले युद्ध अपराधों के आरोपों पर एक अदालत द्वारा गिरफ्तारी का वारंट जारी किए जाने के बाद मारियुपोल के दौरे पर गए पुतिन ने स्थानीय लोगों से बातचीत की और क्रीमिया में एक कला विद्यालय तथा बच्चों के केंद्र का दौरा किया। पुतिन ने गिरफ्तारी वारंट पर टिप्पणी नहीं की है। इस वारंट से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रूस और अलग-थलग पड़ता जाएगा।
पुतिन की यह यात्रा ऐसे वक्त हुई है जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग इस सप्ताह मॉस्को का दौरा करने वाले हैं जिससे पश्चिमी देशों से टकराव के बीच पुतिन को महत्वपूर्ण कूटनीतिक बढ़त मिलने की संभावना है। रूसी समाचार एजेंसियों की खबरों के मुताबिक पुतिन हेलीकॉप्टर से मारियुपोल पहुंचे और फिर कार से कंसर्ट हॉल तथा तटीय क्षेत्र तक गए। 'रोसिया 24 चैनल द्वारा रविवार को प्रसारित फुटेज में पुतिन हाल में निर्मित आवासीय परिसर के बाहर स्थानीय लोगों से बातचीत करते दिखे। मारियुपोल की यात्रा के बाद पुतिन ने रोस्तोव-ऑन-डॉन में कमान पोस्ट पर तैनात रूसी सैन्य अधिकारियों और जवानों से मुलाकात की। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय 'क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रविवार को संवाददाताओं से कहा कि दौरे की घोषणा नहीं की गई और पुतिन सामान्य रूप से कमान के अभियान का निरीक्षण करना चाहते थे।