मुंबई :केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर स्थित आवास और कार्यालय में मंगलवार को सुरक्षा बढ़ा दी गई। दरअसल, एक व्यक्ति ने तीन बार भाजपा के वरिष्ठ नेता को फोन किया और  धमकी दी कि अगर उसे दस करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया गया तो वह उन्हें नुकसान पहुंचाएगा। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले शख्स ने अपना नाम जयेश पुजारी उर्फ जयेश कंठ बताया।

जनवरी में मंत्री के कार्यालय में फोन किया गया था, तब भी इस नाम का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस उपायुक्त राहुल मदाने ने कहा कि नागपुर में ऑरेंज सिटी अस्पताल के सामने गड़करी के जनसंपर्क कार्यालय में तीन फोन कॉल आए, जिनमें से दो सुबह और एक दोपहर 12 बजे के आसपास आई।  पुलिस उपायुक्त ने बताया कि व्यक्ति ने दस करोड़ रुपए की मांग की और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वह सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री को नुकसान पहुंचाएगा। उन्होंने बताया कि गडकरी के कर्मचारियों द्वारा सतर्क किए जाने के बाद शहर की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि मंत्री के आवास और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।  14 जनवरी को खुद को पुजारी बताने वाले एक व्यक्ति ने गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय में धमकी भरा फोन कॉल किया था और 10 करोड़ रुपए की मांग की थी। फोन करने वाले ने दावा किया था कि वह दाऊद इब्राहिम गिरोह का सदस्य है।