गुवाहाटी : पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने प्रश्न पत्र लीक करने के मास्टरमाइंड शिक्षक प्रणव दत्त और कुमुद राजखोवा को गिरफ्तार किया है। हालांकि प्रश्नपत्र लीक होने के स्रोत पर पुलिस अब तक संतुष्ट नहीं है। सीआईडी ने प्रणव दत्त और कुमुद राजखोवा को 10 दिन के हिरासत में लेकर मैराथन पूछताछ जारी रखा है। लेकिन सीआईडी ने प्रश्नपत्र लीक होने के पीछे सेबा के विशेष चक्र के शामिल होने का संदेह है।
इस रहस्य को भेदने के लिए सीआईडी ने सेबा के अधिकारी और कर्मचारी पर निशाना बांधा है। सोमवार को सेबा के परीक्षा नियंत्रक नयन ज्योति शर्मा, कार्यालय सहायक कुशल दास व सुरक्षा गार्ड से लंबी पूछताछ के बाद सीआईडी ने मंगलवार को दूसरी बार परीक्षा नियंत्रक नयनज्योति शर्मा से पूछताछ की। सेबा के परीक्षा नियंत्रक नयन ज्योति शर्मा से दो दिन से हो रहे लगातार पूछताछ इस ओर इशारा कर रही है कि प्रश्नपत्र लीक करने वालों को सेबा के किसी अज्ञात शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त था।
जांच कर रही सीआईडी टीम ने दावा किया कि इसी अज्ञात बलों की पहचान करने के लिए सेबा के अधिकारियों और कर्मचारियों से बार-बार पूछताछ करनी पड़ी है। जांच करने वाली पुलिस ने परीक्षा नियंत्रक नयनज्योति शर्मा से परीक्षा केंद्रों को आवंटित प्रश्न पत्र ले जाने वाले कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी एकत्र की है। सीआईडी सेबा के कई अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन कॉललिस्ट और व्हाट्सएप संदेशों के आदान-प्रदान के तथ्य की निगरानी भी कर रही है।
हालांकि, सीआईडी ने सेबा के अध्यक्ष रमेश चंद जैन से एक बार भी पूछताछ करने की हिम्मत नहीं की है। इस हालत में सीआईडी जांच के अंत में सेबा के विशेष गिरोह की पहचान की जाने पर भी कानूनी कार्रवाई होगी या नहीं यह देखने वाली बात होगी।