डिब्रूगढ़ : डिब्रूगढ़ में आज लगातार मौसम करवट बदलता दिखा। कभी धूप तो कभी बारिश। लेकिन अचानक शाम के लगभग साढ़े चार बजे आसमान पर काले बादल उमड़े और तेज हवाओं के साथ भीषण बारिश व ओलावृष्टि होने के कारण आम लोगों में खलबली मच गई।
आंधी इतनी तेज थी कि असम मेडिकल कॉलेज जाने वाली सड़क के किनारे स्थित लंबे पेड़ व बिजली के खंभे धराशाही हो गए, जिनके चपेट में कई वाहन भी आ गए। लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। दूसरी तरफ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ गिरने से वाहन व घरों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है।
पल्टन बाजार अंचल में बहुत से कच्चे घरों के टीन आदि उड़ गए, जिससे आमजन को काफी परेशनियों का सामना करना पड़ा। डिब्रूगढ़ में आई आंधी से बहुत से परिवारों को काफी क्षति पहुंची है। आंधी से टूटे तारों व उखड़े खंभों के कारण शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। जिला प्रशासन की तरफ से राहत व बचाव का कार्य तेजी से किया जा रहा है।