गुवाहाटी : मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने मंगलवार को कहा कि भारत के चुनाव आयोग ने न तो कभी किसी के फरमान पर काम किया है और न ही भविष्य में करेगा। सीईसी का दावा कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद आया कि चुनाव आयोग असम की 126 विधानसभा और 14 संसदीय सीटों के परिसीमन के लिए सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए नया नहीं है, हमें इस तरह के शब्द सुनने पड़ते हैं। हमारे लिए कुछ भी तय करना संभव नहीं है। हमारा रिकॉर्ड ऐसा है कि हम कभी किसी से डिक्टेशन नहीं लेते हैं और न कभी लेंगे।
निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन से पहले राज्य के अपने तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईसीआई अपने दो बुनियादों- चर्चा और हितधारकों की भागीदारी पर दृढ़ रहकर अपना त्रुटिहीन रिकॉर्ड बनाए रखने में सक्षम है। उनके साथ दो चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे और अरुण गोयल भी थे। कांग्रेस ने यह आरोप लगाते हुए कि पैनल पहले उठाए गए प्रश्नों को संबोधित करने में विफल रहा, ईसीआई टीम से मिलने और प्रस्तावित परिसीमन पर अपना प्रतिनिधित्व प्रस्तुत करने से इनकार कर दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने चुनाव आयोग पर निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया के दौरान मैच फिक्सिंग का आरोप लगाया।
सीईसी ने जोर देकर कहा कि चाहे चुनाव प्रक्रिया हो या परिसीमन की कवायद, सभी फैसलों और उसके कारणों को लोगों के साथ साझा किया जाता है और सभी स्तरों पर राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने कहा कि परिसीमन के मामले में भी मसौदा प्रकाशित किया जाएगा और फिर से चर्चा होगी। कुमार ने कहा कि कांग्रेस ने परिसीमन के मुद्दे पर जनवरी में चुनाव आयोग से मुलाकात की थी और इसकी ओर से उठाई गई चिंताएं लगभग वैसी ही थीं जैसी अन्य दलों और संगठनों ने यहां रखी थीं। बता दें कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग के टीम से मिलने और प्रस्तावित परिसीमन पर अपना प्रतिनिधित्व प्रस्तुत करने से इनकार कर दिया। असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने सोमवार को कहा था उन्होंने दिल्ली में सीईसी राजीव कुमार से मुलाकात की थी और राज्य में चल रहे परिसीमन अभ्यास में खामियों के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। इसके बाद उन्होंने लिखित जवाब का वादा भी किया, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने राज्य में चल रहे परिसीमन में चुनाव आयोग पर मैच फिक्सिंग का भी आरोप लगाया है।