गुवाहाटीः असम विधानसभा में बुधवार को असम की बॉक्सिंग चैंपियन लवलीना बरगोहाईं को सामूहिक रुप से बधाई दी । साथ ही राज्य सरकार की ओर से 50 लाख रुपए देने की घोषणा की गई। सदन में मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि सबसे पहले लवलीना ने असम के लिए ओलंपिक पदक जीता, फिर वह विश्व चैंपियनशिप जीतने वाली राज्य की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं।
मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने कहा कि राज्य की खेल नीति के आधार पर लवलीना को महिला मुक्केबाजी विश्व चैंपियनशिप के 75 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने तथा उसके भविष्य में होने वाले खेलों की तैयारियों के मद्देनजर राज्य सरकार की ओर से 50 लाख दिया जाएगा। उन्होंने कहा हमें नई लवलीना और हिमा दास (धावक) बनाने की जरूरत है। उन्होंने राज्य का गौरव बढ़ाने के लिए पहले ही काफी योगदान दिया है।
अगले गेम में उसका परिणाम क्या होगा, इस पर हमें बहस करने की जरूरत नहीं है। उसने इतना कुछ किया है कि हममें से कोई भी अपने जीवनकाल में ऐसा करने के बारे में सोच भी नहीं सकता। 2021 में टोक्यो ओलंपिक के बाद लवलीना के प्रदर्शन पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं पर अफसोस जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं।