गुवाहाटी : महंगाई एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। दवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब पहली अप्रैल से टोल टैक्स में बढ़ोतरी की जाएगी। राष्ट्रीय सड़क प्राधिकरण (एनएचआरए) ने 1 अप्रैल से राष्ट्रीय राजमार्गों पर 7 टोल प्लाजा पर टोल टैक्स बढ़ाने की अधिसूचना जारी कर दी है। 10-15 प्रतिशत टोल टैक्स में बढ़ोत्तरी की गई है।
एनएचएआई के नोटिफिकेशन के मुताबिक 1 अप्रैल से असम में एनएच पर स्थित कामरूप जिले के बाइहाटा चाराली रोड पर स्थित मदनपुर टोल प्लाजा, नाजीराखात के लोमाटी गांव में सोनापुर टोल प्लाजा, राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 37 पर रोहा टोल प्लाजा, एनएच-27 के नगांव-डबका-लंका-हाफलांग खंड पर मंडेरदिसा टोल प्लाजा, इसी खंड में मिकिरआती हगांव टोल प्लाजा, राष्ट्रीय राजमार्ग नं.54 के बलासेरा-सिलचर खंड पर बलेसरा टोल प्लाजा और राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 31 नलबाड़ी-बिजनी खंड पर गलिया टोल प्लाजा पर नई कर दरें लागू होंगी।
एनएचआरए ने घोषणा की है कि अब से वाहनों को हर टोल प्लाजा पर 10-15 प्रतिशत अतिरिक्त भुगतान करना होगा। निजी चौपहिया वाहनों को एक बार टोल गेट पार करने पर अधिकतम 135 रुपए का भुगतान करना होगा। हालांकि, 24 घंटे के भीतर लौट आने पर 200 रुपए का शुल्क देना होगा। गुवाहाटी के पास सोनापुर में नाजीराखात का टोल गेट राज्य का सबसे महंगा टोल प्लाजा साबित हुआ है।