कोलकाता : पश्चिम बंगाल के हुगली में आगजनी और हिंसा की खबरें आ रही हैं। जानकारी के मुताबिक, हुबली के रिशरा में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसा भड़की है। यह भी बताया जा रहा है कि भाजपा नेता दिलीप घोष के काफिले पर पत्थरबाजी भी की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने बताया कि शोभा यात्रा के दौरान महिलाओं और बच्चों पर पथराव किया गया।

हावड़ा हिंसा के बाद भी राज्य सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पथराव किया जा रहा है और वाहनों में तोड़फोड़ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज कई जगहों पर शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा शांतिपूर्ण तरीके से हो रही थी। अचानक से किसी मोहल्ले से पत्थरबाजी की गई। गाड़ी के शीशे टूटे, लोगों को चोटें आई, पुलिसकर्मियों को भी चोट आई। बम की आवाज आई, मैंने हमारे लोगों से कहा शांति बनाए रखें, पुलिस सब देख रही है।

इससे पहले 30 मार्च को राम नवमी के अवसर पर शोभा यात्रा के दौरान पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हिंसा भड़क गई थी। जिसमें दो समुदाय आमने सामने आ गए थे और जमकर पत्थरबाजी और आगजनी हुई थी। इसके अगले दिन यानी 31 मार्च को भी हावड़ा से हिंसा की खबरें आई थीं। इस दौरान हावड़ा के शिवपुर में पथराव हुआ था।