गुवाहाटी : जी-20 के रोजगार कार्य समूह (ईडब्ल्यूजी) की दूसरी बैठक सोमवार को असम में शुरू हुई, जिसमें समावेशी विकास के लिए श्रम, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसे व्यापक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार सचिव आरती आहूजा ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि तीन दिवसीय बैठक में तीन व्यापक क्षेत्रों के तहत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि पहले क्षेत्र के तहत, हम वैश्विक स्तर पर कौशल अंतराल के संबंध विचार-विमर्श करेंगे।
दूसरा क्षेत्र अल्पकालिक नियुक्ति वाले कार्य, प्लेटफॉर्म इकॉनमी (सूचना प्रौद्योगिकी के जरिए सेवा मुहैया कराने के संबंध में) और सामाजिक सुरक्षा है। अंतिम खंड सामाजिक सुरक्षा के लिए स्थायी वित्तपोषण होगा। आहूजा ने कहा कि ईडब्ल्यूजी सभी के लिए मजबूत, टिकाऊ, संतुलित और नौकरी के अवसरों से भरपूर विकास के लिए प्राथमिकता वाले श्रम, रोजगार और सामाजिक मुद्दों को संबोधित करेगा। श्रम और रोजगार मंत्रालय में संयुक्त सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने विषयों पर विस्तार से कहा कि प्रतिनिधि पहले खंड में आपूर्ति, मांग और कौशल की उपलब्धता, और गुणवत्ता के संबंध में चर्चा करेंगे।
ठाकुर ने कहा कि भारत में हो रहे जी-20 सम्मेलन के तहत ईडब्ल्यूजी की दूसरी बैठक में भाग लेने के लिए 19 सदस्य देशों के कुल 59 प्रतिनिधि, सात अतिथि देशों के 15 और पांच अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के छह प्रतिनिधि गुवाहाटी आए हैं। ईडब्ल्यूजी की पहली बैठक इस साल 2-4 फरवरी को राजस्थान के जोधपुर में हुई थी।