गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को कई कार्यक्रमों के लिए असम पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुवाहाटी के सरुसजाय स्टेडियम में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स समारोह में भाग लेने के लिए 14 अप्रैल को असम पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को चांगसारी में गुवाहाटी एम्स का आधिकारिक तौर पर उद्घाटन भी करेंगे। उसी दिन अपराह्न में वे मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में गुवाहाटी उच्च न्यायालय के प्लेटिनम जुबली के मुख्य समारोह में भी शामिल होंगे। इसी बीच प्रधानमंत्री के गुवाहाटी में एक रोड शो में भाग लेने की भी उम्मीद है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा, प्रधानमंत्री के रोड शो कार्यक्रम पर विचार किया जा रहा है। सरकार से कार्यक्रम मिलने के बाद हम दलीय तैयारी शुरू करेंगे।
गौरतलब है कि 10,000 बिहू नर्तक गुवाहाटी के सरुसजाय स्टेडियम में विश्व रिकॉर्ड रिहर्सल शिविर में तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्रियों ने पूर्वाभ्यास शिविर का दौरा कर प्रगति व तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।