उच्चतर माध्यमिक फाइनल परीक्षा के मूल्यांकन के संदर्भ में सरकार  की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की अंतिम बैठक शुक्रवार को आयोजित हुई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान समिति के अध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि समिति ने मूल्यांकन के संदर्भ में रिपोर्ट प्रस्तुत करके शिक्षामंत्री डॉ. रनोज कुमार पेगु को सौंप दिया। उन्होंने यह भी कहा कि एचएस का मूल्यांकन की रूपरेखा सीबीएसई के साथ अन्य राज्य स्तरीय बोडों द्वारा ग्रहण की गई नीति के आधार पर प्रस्तुत की गई है। मूल्यांकन में मैट्रिक के नंबरों के साथ ग्यारहवीं तथा बारहवीं की परीक्षाओं के नंबर को भी लिया जाएगा। कला, वाणिज्य तथा विज्ञान शाखा के परीक्षार्थियों के लिए मूल्यांकन का आधार अलग-अलग होगा। परीक्षार्थियों के शीर्ष स्थानों के संदर्भ में अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। जिन परीक्षार्थियों का परीक्षाफल उनके आशानुरुप नहीं होगा उनके लिए शिकायत की व्यवस्था के साथ साथ बाद में परीक्षा में बैठने की व्यवस्था भी होगी। 30 जून से पहले उक्त परीक्षा के मूल्यांकन के फॉर्मूले की घोषणा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मैट्रिक तथा हाई मदरसा के मूल्यांकन के लिए सरकार की ओर से गठित डॉ. अलक कुमार बुढ़ागोहाईं के नेतृत्व में गठित नौ सदस्यीय विशेषज्ञ समिति ने बृहस्पतिवार को ही अपनी रिपोर्ट दाखिल कर दी थी।