गुवाहाटी : काजीरंगा गज महोत्सव में भाग लेने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल काजीरंगा पहुंचेंगी। केंद्रीय वन मंत्रालय और राज्य सरकार के अधीन हाथी परियोजना के तहत काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में तीन स्थानों पर गज महोत्सव का आयोजन कर रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे जोरहाट के ररैया हवाईअड्डे पर उतरेंगी। वे जोरहाट से सेना के एक विशेष हेलीकॉप्टर में बोकाखात सार्वजनिक मैदान में उतरेंगी और फिर काजीरंगा में कहरा पहुंचने के लिए 21 किमी की सड़क पार करेंगी। देश की प्रथम नागरिक द्रौपदी मुर्मू रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग के समीपवर्ती हरे चाय बागानों के सुंदर दृश्यों और दक्षिण दिशा में कार्बी पहाड़ियों के मनमोहक प्राकृृतिक दृश्यों का आनंद लेंगी।
राष्ट्रपति शाम 4 बजे काजीरंगा के कहरा में पुलिस गेस्ट हाउस में आराम करेंगी और वन विभाग के शताब्दी चर्चा हॉल के सामने निर्मित पंडाल में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेंगी। कार्यक्रम में बिहू और झुमूर सहित राज्य के विभिन्न जातीय समूहों की संस्कृति प्रदर्शित की जाएगी। राष्ट्रपति काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के बागरी वन क्षेत्र का भी दौरा करेंगी। पार्क अधिकारियों ने राष्ट्रपति के कल काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के बागरी वन क्षेत्र का दौरा करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। राष्ट्रपति गुरुवार को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहरा में पुलिस विभाग के गेस्ट हाउस में रात बिताएंगी और 7 अप्रैल को सुबह 6.30 बजे काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के मिहिमुख, कहरा केंद्रीय वन में हाथी सफारी करेंगी। सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वन विभाग के सबसे भरोसेमंद हाथी पवन की पीठ पर सवार होकर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के कहरा वन क्षेत्र में हाथी सफारी करेंगी।
गौरतलब है कि महावत कासेम अली द्वारा संचालित इसी हाथी की सवारी करके पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में हाथी सफारी की थी। राष्ट्रपति की हाथी सफारी के लिए नए आसन, हौदा आदि पहले से ही तैयार हो चुके हैं। गौरतलब है कि राष्ट्रपति के काजीरंगा दौरे को मद्देनजर गोलाघाट जिला उपायुक्त ने 7 अप्रैल को काजीरंगा के केंद्र कहरा में सभी दुकानों और बाजारों को बंद करने का आदेश दिया है। निर्देश में यह भी कहा गया है कि निर्देश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को भी कहरा साप्ताहिक बाजार बंद रखने को लेकर स्थानीय लोगों में भी कड़ी प्रतिक्रिया है। काजीरंगा में कई पर्यटक लॉज हैं और स्थानीय लोग कहारा साप्ताहिक बाजार पर निर्भर हैं। लेकिन जिला प्रशासन द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बाजार बंद कर दिया गया। इसके अलावा कहरा चाराली की सभी दुकानों के सामने बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में आने वाले लोगों और पर्यटकों को परेशानी हो रही है। इस बीच, राष्ट्रपति के काजीरंगा दौरे के कारण जिला प्रशासन ने काजीरंगा क्षेत्र के अधिकांश पर्यटक आवासों में कमरे आरक्षित कर दिए हैं।