गुवाहाटी : देश की 15वीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय गज महोत्सव में शामिल होने के लिए काजीरंगा पहुंचीं। बृहस्पतिवार से 8 अप्रैल तक तीन दिवसीय कार्यक्रम से काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में कहरा, बागरी आदि कई स्थानों पर असम तथा भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा गज परियोजना की 30वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में गज महोत्सव शुरू हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज अपराह्न जोरहाट से हेलीकॉप्टर से बोकाखात पब्लिक ग्राउंड पहुंचीं। बोकाखात में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, बोकाखात के विधायक और कृषि मंत्री अतुल बोरा और स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत, वन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रवि शंकर प्रसाद, गोलाघाट उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
राष्ट्रपति बोकाखात से कार से काजीरंगा के कहरा स्थित पुलिस विभाग के अतिथि गृह पहुंचीं। सड़क यात्रा के दौरान राष्ट्रपति को राष्ट्रीय राजमार्ग नं. 37 के किनारे विभिन्न स्थानों पर प्रशासन द्वारा आयोजित बिहू, झुमूर सहित राज्य के विभिन्न जातीय समूहों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को दिखाया गया। गज उत्सव में भाग लेने आईं देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपराह्न को बेटी इतिश्री मुर्मू के साथ खुली जिप्सी में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के अंतर्गत बागड़ी वनांचल में जीप सफारी की। राष्ट्रपति मुर्मू को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के दौरे के दौरान असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और उनकी पत्नी ने भी साथ दिया। उल्लेखनीय है कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को अकसर बागड़ी वनांचल में सबसे अधिक वन्य जीवन देखने को मिलता है।
जीप सफारी के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बागड़ी के जंगल में बड़ी संख्या में गैंडों, हिरणों के दुर्लभ झुंड, जंगली भैंसों, जंगली सुअरों और हाथियों को देखकर बहुत खुश हुईं। राष्ट्रपति मुर्मू राष्ट्रीय उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता से प्रभावित थीं, जो विविध प्रकार की मछलियों तथा अन्य जलचर जीवों, पक्षियों और जैव विविधता की विभिन्न प्रजातियों से समृद्ध है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में जीप सफारी से लौटने के बाद राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू काजीरंगा में कहरा स्थित वन विभाग के शताब्दी सम्मेलन हॉल के सामनेसंस्कृति निदेशालय, असम द्वारा प्रस्तुत किया गया राज्य के विभिन्न जातीय समूहों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार रात को काजीरंगा के कहरा स्थित पुलिस गेस्ट हाउस में विश्राम करेंगी।
शुक्रवार सुबह 6.30 बजे काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के केंद्रीय वन क्षेत्र कहरा के मिहिमुख में राष्ट्रपति के लिए हाथी सफारी आयोजित की जाएगी। हाथी सफारी के बाद राष्ट्रपति दिन के 10ः30 बजे काजीरंगा नेशनल पार्क हाई स्कूल के मैदान में आयोजित एक जनसभा में शामिल होंगी और आधिकारिक तौर पर गज महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। उल्लेखनीय है कि द्रौपदी मुर्मू काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की यात्रा करने वाली तीसरी राष्ट्रपति हैं। 1982 में दिवंगत राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करने वाले स्वतंत्र भारत के पहले राष्ट्रपति थे। पिछले साल पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया था।