गुवाहाटी : आपको यह सुनकर आश्चर्य हो सकता है कि सदिया से धुबरी तक यानी पूरे असम की यात्रा के लिए आपको टोल गेट के नाम पर प्रति यात्रा लगभग 5,000 रुपए चुकाने पड़ेंगे। असम में वर्तमान में 9 टोल गेट हैं लेकिन जल्द ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल गेटों की संख्या 27 तक बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने विधानसभा में खुद इसकी जानकारी दी। विधानसभा में शिवसागर विधायक अखिल गोगोई के एक लिखित सवाल के जवाब में लोक निर्माण मंत्री के दायित्वभार संभाल रहे हिमंत विश्व शर्मा ने उक्त जानकारी दी।
मुख्यमंत्री के अनुसार वर्तमान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तहत 9 टोल गैट संचालन में हैं। वर्तमान में 9 नए टोल गेट का निर्माण चल रहा। इसके अलावा सरकार की भविष्य में 4 अतिरिक्त टोल गेट बनाने की भी योजना है। वर्तमान में 9 टोल गैट से टैक्स वसूली जारी है और अन्य 5 का निर्माण पूरा हो चुका है। हालांकि, इन 5 टोल गेट पर टैक्स वसूली की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद राज्य के कुल 27 टोल गेटों से टोल टैक्स वसूला जाएगा।
इस दौरान राज्य में टोल गेटों की संख्या बढ़ाने के सरकार के फैसले पर विधायक अखिल गोगोई ने अपना गुस्सा जाहिर किया। गुरुवार को मीडिया के सामने अखिल गोगोई ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में 27 टोल गेट लगाना चाहती है। इसके चलते कोकराझाड़ गोसाईगांव से सदिया तक पहुंचने के लिए टोल गेट लगने से आपको कितना टैक्स देना होगा,यह बताने की जरूरत नहीं है। टोल गेट से लोगों पर टैक्स का बोझ और बढ़ेगा साथ ही खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ेंगे।