गुवाहाटीः मोदी चोर हैं के मामले पर कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हर बयान पर गौर किया जा रहा है, लेकिन राहुल अनाप-शनाप बयान देकर अपनी मुश्किलें खुद बढ़ा रहे हैं। उनके नए ट्वीट आने के बाद  राहुल के खिलाफ अब असम के मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री डा. विश्वशर्मा ने रविवार को कहा कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ अडाणी समूह से जुड़े एक ट्वीट को लेकर मानहानि का मामला दायर करेंगे। जनता भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने कहा कि मानहानि का मामला 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुवाहाटी दौरे के बाद दायर किया जाएगा, क्योंकि वे इन दिनों मेगा बिहू आयोजन के साथ ही अन्य कई कार्यक्रम को लेकर काफी व्यस्त हैं।

 उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो कुछ भी ट्वीट किया है, वह अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी आ रहे हैं जो कई परियोजनाओं को शुभारंभ करेंगे। राज्य सरकार अभी इस कार्यक्रम को सफल बनाने में लगी हुई। प्रधानमंत्री के असम से रवाना होने के बाद हम जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि बिना किसी सबूत के किसी नेता पर कुछ भी बोलना निश्चित रूप से मानहानि का मामला गुवाहाटी में दायर किया जाएगा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाल के वर्षों में पार्टी छोड़ने वाले कुछ नेताओं पर तंज कसते हुए शनिवार को कहा था कि अडाणी मामले पर सच्चाई छिपाने के लिए रोजाना ध्यान भटकाया जा रहा है।

उन्होंने ट्विटर पर अडाणी का हवाला देते हुए गुलाम नबी आजाद, हिमंत विश्वशर्मा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण कुमार रेड्डी और अनिल के. एंटनी के नाम लिखते हुए कहा था कि सच्चाई छुपाते हैं, इसलिए रोज़ भटकाते हैं! सवाल वही है - अडाणी की कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपए की बेनामी रकम किसकी है? कांग्रेस छोड़ने के बाद, आजाद ने अपनी पार्टी बनाई, जबकि बाकी भाजपा में शामिल हो गए। सिंधिया अब केंद्रीय मंत्री हैं और हिमंत विश्वशर्मा असम के मुख्यमंत्री हैं। गांधी के ट्वीट का हवाला देते हुए शर्मा ने पहले ट्वीट किया था कि यह हमारी शालीनता थी कि हमने आपसे कभी नहीं पूछा कि आपने बोफोर्स और नेशनल हेराल्ड घोटालों से अर्जित अपराध की आय को कहां छुपाया है? और आपने कैसे इतनी बार ओत्तावियो मत्रोची को भारतीय न्याय के शिकंजे से बचने दिया? कोई नहीं, हम अदालत में मिलेंगे। प्रधानमंत्री मोदी कई कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए गुवाहाटी आएंगे।