गुवाहाटीः असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने रविवार को घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को लोगों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), गुवाहाटी, को आम जनता के लिए समर्पित करेंगे। चांगसारी स्थित एम्स गुवाहाटी स्थल से ही नलबाड़ी, नगांव और कोकराझार स्थित तीन मेडिकल कॉलेजों को भी उद्घाटन करेंगे जो हाल ही में 2023-24 शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से मंजूरी मिली है। जनता भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री डा. शर्मा ने कहा कि चांगसारी स्थित एम्स का 85 प्रतिशत काम पूरा हो गया है और बचे हुए कहा जल्द पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एम्स के साथ तीन मेडिकल कालेज में पाठ्यक्रम शुरू होने से राज्य में सरकारी क्षेत्र के तहत एमबीबीएस की सीटों की संख्या बढ़ जाएगी।   

मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करने के अलावा, प्रधानमंत्री मोदी आयुष्मान असम पहल का भी शुभारंभ करेंगे, जो राशन कार्ड बनाने वाले सभी परिवारों को 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा प्रदान करेगा। पीएम मोदी इसी दिन एक करोड़ 10 लाख कार्ड बनाकर इस पहल की शुरुआत करेंगे, जबकि 27 लाख परिवारों को आयुष्मान  भारत कार्ड दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी एम्स गुवाहाटी से स्वास्थ्य क्षेत्र में अन्य पहलों का भी उद्घाटन करेंगे, जिसमें एक मल्टी.स्पेशियलिटी अस्पताल और असम एडवांस हेल्थकेयर इनोवेटिव इंस्टीट्यूट (एएएचआई)शामिल है, जिसे आईआईटी गुवाहाटी परिसर में स्थापित किया जाएगा। संस्थान में एक शोध संस्थान, एक पोस्ट-ग्रेजुएट मेडिकल कॉलेज और एक 350 बेड वाला मल्टी.स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल होगा, जो सभी चिकित्सा विज्ञान को बदलने के लिए उन्नत तकनीकों का लाभ उठा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में आईआईटी गुवाहाटी की इंजीनियरिंग टीम और चिकित्सा कर्मचारियों के बीच सहयोग के माध्यम से स्वास्थ्य-इंजीनियरिंग समाधान के लिए स्वदेशी उपकरण का उत्पादन किया जाएगा। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी शंकरदेव कलाक्षेत्र में गौहाटी उच्च न्यायालय के हीरक जयंती समापन समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद गुवाहाटी के सरूसजाय स्टेडियम आयोजित मेगा रंगाली बिहू समारोह में भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि प्रधानमंत्री  यहीं से डिब्रूगढ़ जिले के नामरू में 500 टन प्रति दिन (टीपीडी) की उत्पादन क्षमता वाले असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड (एपीएल) के नए स्थापित मेथनॉल संयंत्र का उद्घाटन करेंगे और इसकी नींव रखेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रधानमंत्री कुल 8500 करोड़ रुपए के विभिन्न प्रोजेक्ट का उद्धाटन एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि निकट भविष्य में उद्योग क्षेत्र में चार बड़े परियोजनाओं पर बातचीत चल रही है, जिसमें सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन के अलावा अन्य उद्योग भी शामिल है। मुख्यमंत्री हिमंत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सरूसजाई स्टेडियम से ब्रह्मपुत्र पर सुआलकुची से पलासबाड़ी के बीच पुल का शिलान्यस करेंगे।