नई दिल्ली : कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच अस्पताल में तैयारियों का जायजा लेने के लिए 10 और 11 अप्रैल को देशव्यापी मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सरकारी और निजी दोनों प्रकार के स्वास्थ्य केंद्रों के भाग लेने की संभावना है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया मॉक ड्रिल का निरीक्षण करने 10 अप्रैल को झज्जर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जाएंगे। मांडविया ने सात अप्रैल को हुई समीक्षा बैठक में राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों से अस्पताल जाने तथा मॉक ड्रिल का निरीक्षण करने का अनुरोध किया था। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें आठ तथा नौ अप्रैल को जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा करने की भी सलाह दी थी।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों और प्रधान एवं अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ हुई बैठक में मांडविया ने इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) तथा गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) मामलों की प्रवृत्तियों पर नजर रखकर, जांच तथा टीकाकरण बढ़ाकर और अस्पतालों में बेहतर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित करके आपातकालीन हॉटस्पॉट की पहचान करने की आवश्यकता पर जोर दिया। दूसरी ओर भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 5,357 नए मामले सामने आए, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 32,814 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में संक्रमण से 11 और मरीजों के दम तोड़ने से मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 5,30,965 हो गई है।
आंकड़ों के अनुसार, मरने वालों में गुजरात के तीन, हिमाचल प्रदेश के दो और बिहार, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा तथा उत्तर प्रदेश के एक-एक मरीज शामिल हैं। इसके अलावा, केरल ने संक्रमण से मौत के मामलों का पुनर्मिलान करने के बाद मृतकों की सूची में एक और मामला जोड़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,47,56,616 हो गई है। वेबसाइट के अनुसार, भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल संक्रमितों का 0.07 प्रतिशत है। वहीं, कोविड-19 से ठीक होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताबिक, देश में संक्रमण को मात देने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 4,41,92,837 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, भारत में देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 220.66 करोड़ खुराक दी जा चुकी है।