डिब्रूगढ़ : असम व अरुणाचल प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर आज विशेष विमान से गृहमंत्री अमित शाह डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे जहां मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा के साथ ही कैबिनेट मंत्री, विधायक व भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने काफी गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। गृहमंत्री अमित शाह ने कुछ समय डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पर रुकने के बाद अरुणाचल प्रदेश के किबटु के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए जहां वे आईटीबीपी के कार्यक्रम में शामिल होने में बाद रात वही बिताएंगे। कल वे अरुणाचल प्रदेश से डिब्रूगढ़ पहुचेंगे।
शाह डिब्रूगढ़ के मानकटा खेल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही डिब्रूगढ़ में निर्माण होने वाले भाजपा के जिला कार्यालय के भवन की आधारशिला ऑनलाइन रखेंगे। गृहमंत्री अमित शाह के आगमन को लेकर भाजपा कर्मियों में काफी उत्साह का माहौल है। दूसरी तरफ गृहमंत्री अमित शाह के डिब्रूगढ़ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा खुद पहुंचे। इस दौरान असम पुलिस के डीजीपी जीपी सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, सांसद कामाख्या तासा व तपन गोगोई के साथ डिब्रूगढ़ व तिनसुकिया जिले के विधानसभा क्षेत्रों के विधायक मौजूद थे। इस मौके पर जिला उपायुक्त विश्वजीत पेगु व पुलिस अधीक्षक श्वेतांक मिश्रा के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था के संदर्भ में विस्तृत जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिये। मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने बताया गृहमंत्री अमित शाह मुख्यत: अरुणाचल प्रदेश के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए हैं। इसी अवसर पर सुविधा लेते हुए डिब्रूगढ़ में निर्माण होने वाले भाजपा के ऊपरी असम के आंचलिक कार्यालय का शिलान्यास करने के साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। दूसरी ओर डिब्रूगढ़ स्थित एक होटल के सभागार में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व सांसद कामख्या तासा ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि डिब्रूगढ़ में आयोजित गृहमंत्री अमित शाह की जनसभा में लगभग 30 हजार पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
भाजपा जिला कार्यालय के भूमि पूजन का कार्य सुबह 9 बजे से धार्मिक अनुष्ठान के साथ शुरू होगा, जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता के साथ कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। जिसके बाद जनसभा स्थली से गृहमंत्री ऑनलाइन पर शिलान्यास करेंगे। गृहमंत्री के आगमन को लेकर दलीय कार्यकर्ताओ में उत्साह का माहौल व्याप्त है।