नई दिल्ली : चीन ने भूटान के एमो चू में अपने सैनिकों के लिए 1000 घर बनाए हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ये अब भारतीय सेना के लिए परेशानी की बात है। क्योंकि ये सभी इमारतें चीन और भारत के बीच वाले हिस्से डोकलाम से बेहद करीब हैं। दरअसल अमो चू डोकलाम के पास है, जहां से भारत का सिलीगुड़ी कॉरिडोर चीन की पीएलए (पीपुल्स लिबरेशन आर्मी) की सीधी रेखा में है। यह भारत-चीन-भूटान डोकलाम ट्राई-जंक्शन से कुछ दूरी पर है। इसी जगह बीजिंग के रोड कंस्ट्रकशन को लेकर 2017 में भारत और चीन के बीच सैन्य गतिरोध हुआ था।

रिपोर्ट के मुताबिक, चीन का अपनी सेना के लिए डोकलाम के करीब घर बनाने के पीछे एक बड़ा मकसद है। वह इसके जरिए उसी क्षेत्र तक पहुंचने का प्रयास  कर रही है, जहां 2017 में डोकलाम में भारतीय सेना की ओर से चीन के सैनिकों के खिलाफ कड़ी जवाबी कार्रवाई की गई थी। अब चीन चाहता है कि वह इससे डोकलाम के पश्चिम में भारतीय सुरक्षा को बायपास कर सके। रिपोर्ट में कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें अमो चू में बने चीन के सैनिकों के स्थायी घर और कम्युनिकेशन टावर दिखाई दे रहे हैं।

इंडियन मिलिट्री प्लानर्स का मानना है कि डोकलाम के पश्चिम में चीन-नियंत्रित भूटान क्षेत्र में किसी भी गतिविधि से भारत की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। वहीं इंडियन सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि डोकलाम पर नियंत्रण से चीन को स्ट्रैटेजिक फायदा मिलेगा। भारतीय सेना ने हाल ही में हा जिले में भारतीय अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान बैठक में बड़े पैमाने पर चीन के बिल्ड-अप के बारे में बताया गया। बता दें कि हा जिला विवादित क्षेत्रों के ठीक पूर्व में है, जहां चीन नए क्षेत्र का निर्माण कर रहा है।

डोकलाम एक ऐसी जगह है, जहां 2017 से पहले चीन और भूटान की सेना मुश्किल से ही गश्त कर पाती थी। चीन कुछ समय पहले से भूटान को अपने क्षेत्र का हिस्सा बताता है। 1960 में चीन सरकार ने एक बयान जारी किया था, जिसमें भूटान, सिक्किम और लद्दाख को संयुक्त तिब्बत का हिस्सा होने का दावा किया था। 1967 में सिक्किम में नाथू ला और चो ला माउंटेन पर भारत-चीन सीमा टकराव हुआ था। इसमें चीन को करारी हार मिली थी। इसके बाद चीन की सेना ने सिक्किम में डोंगक्या माउंटेन रेंज पर भारतीय सीमा सेक्टर को चुनौती दी थी। हालांकि इंडियन आर्मी की पहाड़ी इलाकों में पकड़ के बाद से हुई झड़पों में इंडियन आर्मी ने चीन के कई किलेबंदी भी नष्ट किए थे।