गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने बुधवार को कैबिनेट बैठक के बाद घोषणा करते हुए कहा कि गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज कराने के लिए 14 अप्रैल को होने वाले मेगा बिहू का आयोजन अब 13 अप्रैल यानी बृहस्पतिवार की शाम सरूसजाई स्टेडियम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा ने कहा कि मेगा बिहू विश्व रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराने के लिए पहले 14 अप्रैल तय किया गया था, लेकिन उसका प्रमाण पत्र 15 अप्रैल को मिलेगा। हमें 14 अप्रैल को प्रमाण पत्र चाहिए ताकि गिनीज बुक ऑफ रिकार्ड्स का प्रमाण पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों सौंपा जा सके।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि कल शाम को हम सरुसजाई स्टेडियम में 5.30 से 6.30 के बीच मेगा बिहू के आयोजन करेंगे जिसमें 12 हजार से भी अधिक नर्तक और ढोल वादक प्रसिद्ध बिहू नृत्य कर विश्व रिकॉर्ड के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम 14 अप्रैल को तय समय के साथ ही होगा और उनके सामने बिहू नृत्यांगना और ढोल वादक बिहू नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि कल इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पास अनिवार्य नहीं है, लेकिन 14 अप्रैल को जो पास ले चुके हैं वहीं स्टेडियम में आ सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने फैसला किया है कि इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले बिहू नर्तकों, ढोलवादकों और बिहू मास्टर प्रशिक्षकों के लिए 25,000 रुपए नकद राशि दी जाएगी ताकि वे इस क्षेत्र में आगे बढ़कर काम कर सकें। मुख्यमंत्री डॉ शर्मा सभी बिहू समितियों से कहा कि बोहाग बिहू का मतलब सिर्फ बोहाग महीने में आयोजन करना है, क्योंकि हमें अपनी संस्कृृति की पहचान बनाए रखने के लिए बोहाग की जगह जेठ महीने में बिहू का आयोजन नहीं करना है। बोहाग के बाद बिहू के आयोजन के लिए प्रशासन अनुमति नहीं देगा।