गुवाहाटी : असम में पुलिस ने रविवार को ग्वालपाड़ा जिले में एक बस से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया है। साथ ही एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। ग्वालपाड़ा के एएसपी ऋ तुराज दलै ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ग्वालपाड़ा जिला पुलिस ने कृष्णाई पुलिस स्टेशन की टीम के साथ एक संयुक्त अभियान में यह बरामदगी की है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कृष्णाई क्षेत्र में पंजीकरण संख्या एएस-25 एसी -5475 वाली एक यात्री बस को रोका।
जब उसे चेक किया गया तो उसमें भारी मात्रा में विस्फोटक और जिलेटिन डेटोनेटर बरामद किए। ग्वालपाड़ा एएसपी ऋतुराज दलै ने बताया कि पता चला है कि बस मेघालय से आ रही थी। पुलिस ने बस से 1162 नंबर जिलेटिन और 998 डेटोनेटर बरामद किए हैं। उन्होंने आगे बताया कि हमने इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले में जांच जारी है।