गुवाहाटी : पश्चिम कार्बी आंग्लांग जिलें में असम-मेघालय सीमा पर मेघालय के कथित बदमाशों का अतिक्रमण जारी है। गौरतलब है कि मेघालय के जयंतिया लोग सीमावर्ती क्षेत्र के सुदूर इलाकों के कार्बी आंग्लांग की भूमि पर अपना दावा करते रहे हैं। 15 अप्रैल को कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के अमरेंग परिषदीय निर्वाचन क्षेत्र के तहत और जिरिकीडेंग पुलिस थाने के अंतर्गत मुथाडे नामक क्षेत्र में मेघालय के अतिक्रमणकारी पेड़ काटने और झाडू के पौधों सहित अन्य मूल्यवान संपत्ति को नष्ट करते हुए देखे गए तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया।
इस पर तीन सौ से ज्यादा जयंतिया लोग सामने आए और दावा किया कि उक्त जमीन मेघालय की है। उन्होंने स्थानीय लोगों को क्षेत्र छोडऩे का आदेश दिया तो तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इसके बाद मेघालय पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने जिरिकीडेंग पुलिस स्टेशन में खबर दी और जिरिकीडेंग पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
मीडिया के सामने कार्बी आंग्लांग के स्थानीय निवासी अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि यह स्थान प्राचीन काल से हमारा है और यहां स्थानीय कार्बी और अन्य जातीय समूह निवास करते हैं। वे यहां मुख्य रूप से खेती कर जीवनयापन करते हैं। मेघालय के बदमाश समय-समय पर इस जमीन पर दावा करते रहे हैं और स्थानीय लोगों को जमीन खाली करने का आदेश देते रहे हैं।