गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने खालिस्तान समर्थक भगोड़े नेता अमृतपाल सिंह और उनके संगठन वारिस पंजाब दे के खिलाफ कार्रवाई के लिए पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मान इस वक्त काफी अच्छा काम कर रहे हैं। हालांकि, हिमंत ने केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि दिल्ली एक नगर निगम की तरह है, जिसके मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने एक साक्षात्कार में कहा कि मैं सही समय पर (खालिस्तानियों के खिलाफ) सही कार्रवाई करने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं।
मेरे पास इस मामले में कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। पंजाब की कार्रवाई के लिए केजरीवाल को श्रेय देने के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा कि केजरीवाल जी केवल एक नगर पालिका के मुख्यमंत्री हैं। गुवाहाटी नगरपालिका और दिल्ली की तुलना जब होगी, मैं केजरीवाल की बात करूंगा। लेकिन भगवंत मान एक बड़े राज्य के मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने खालिस्तान के खिलाफ अच्छी कार्रवाई की है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह मान को कोई सलाह देना चाहते हैं, शर्मा ने कहा कि वास्तव में अभी मैं मान जी से सलाह लेना चाहता हूं कि उन्होंने (अमृतपाल सिंह और उनके संगठन के खिलाफ) कैसे सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया ...।
अगर कोई अच्छा काम कर रहा है तो उसकी सराहना की जानी चाहिए। गौरतलब है कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने इस महीने की शुरुआत में गुवाहाटी के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान राज्य भर से पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बड़ी सभा को संबोधित किया था। राज्य की अपनी पहली यात्रा के दौरान शर्मा पर हमला करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि आप भले ही असम के मुख्यमंत्री बन गए हो, लेकिन आपने असम की संस्कृति नहीं सीखी है। शर्मा ने बाद में रात में एक संवाददाता सम्मेलन में केजरीवाल पर पलटवार किया और उन पर कायर होने का आरोप लगाया।