गुवाहाटी : असम प्रदेश युवा कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री अंकिता दत्त ने अखिल भारतीय युवा कांग्रेस (एआईवाईसी) के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर महिलाओं के प्रति लैंगिक भेदभाव का आरोप लगाया। अंकिता ने उपरोक्त आशय का आरोप लगाकर तहलका मचा दिया है। अंकिता दत्त ने मंगलवार को भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख श्रीनिवास बीवी पर ट्विटर पर कई विस्फोटक आरोप लगाए। ट्वीट्स की एक श्रृंखला में युवा कांग्रेस की नेत्री अंकिता दत्त ने श्रीनिवास पर लैंगिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि एक यौन विभेदवादी और अराजकतावादी व्यक्ति भारतीय युवा कांग्रेस का नेतृत्व कैसे कर सकता है जो हर समय एक महिला का अपमान करने में विश्वास रखता है।
प्रियंका गांधी के लड़की हूं, लड़ सकती हूं के नारे का क्या हुआ? मेरी शिकायत के बावजूद श्रीनिवास बीवी के खिलाफ कोई जांच समिति नहीं बनाई गई। क्या यह महिलाओं के लिए सुरक्षित स्थान है जिसके बारे में राहुल गांधी बात करते हैं? अंकिता ने कहा कि मैं महीनों तक चुप रही और मुझे उम्मीद थी कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की गई। मुझे राहुल गांधी पर बहुत भरोसा था और मैं भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जम्मू गई थी और राहुल गांधी से मिलकरं श्रीनिवास की शिकायत की थी। मैंने राहुल गांधी को श्रीनिवास द्वारा मेरे खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों के बारे में भी बताया। अब अप्रैल है और अब तक उनके खिलाफ कोई जांच नहीं की गई है। मैं एक महिला नेत्री हूं।
अगर मैं खुद इस तरह के दुर्व्यवहार की शिकार हूं, तो मैं अन्य महिलाओं को कांग्रेस में शामिल होने के लिए कैसे प्रोत्साहित कर सकती हूं? श्रीनिवास सोचते हैं कि वे बहुत शक्तिशाली व्यक्ति हैं और उन्हें बड़े नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है। इसलिए वे संगठन की महिलाओं को प्रताड़ित कर सकते हैं या गाली दे सकते हैं। गौरतलब है कि यौन उत्पीड़न के आरोप सामने आने पर भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव कुमार को खुद हटने के लिए मजबूर होना पड़ा था। लेकिन पिछले छह महीनों से श्रीनिवास के मानसिक शोषण और मेरे साथ भेदभाव के बावजूद इस बात की कोई जांच नहीं की गई। इसके विपरीत मुझे चुप रहने के लिए कहा गया। मैं चौथी पीढ़ी का कांग्रेस कार्यकर्ता हूं। मैं दो बार पार्टी का आंतरिक चुनाव लड़ चुकी हूं।
मैंने बूथ कमेटियां बनाई और पुलिस से पिट चुकी हूं। मेरे पास राजनीति विज्ञान में परास्नातक और दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून में स्नातक की डिग्री है। मैंने गुवाहाटी विश्वविद्यालय से पीएचडी की है। हम पार्टी के हित में त्याग कर सकते हैं, लेकिन श्रीनिवास की प्रताड़ना खत्म नहीं होगी। अब श्रीनिवास मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं और मेरा अपमान करने के लिए कुछ पोस्टर बना रहे हैं। वे मुझे पार्टी से बाहर करना चाहते हैं, लेकिन राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को याद रखना चाहिए कि मैं चौथी पीढ़ी की कांग्रेस कार्यकर्ता हूं और सीबीआई और ईडी भी अब तक मुझे डरा नहीं पाए हैं। गौरतलब है कि यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाई गईं अंकिता दत्ता ने पहले पार्टी के भीतर व्यापारिक पदों का आरोप लगाते हुए पार्टी के खिलाफ खुली बगावत का ऐलान किया था। अब देखना यह होगा कि ट्विटर पर युवा कांग्रेस के शीर्ष नेता के खिलाफ उनके आरोपों पर पार्टी आलाकमान क्या फैसला लेता है।