बेंगलुरु : पूर्वोत्तर में भाजपा के सूर्योदय में मदद करने वाले मुख्यमंत्री डा. हिमंत विश्वशर्मा की चमक अब देशभर में फैलने लगी है। इस बार कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें स्टार प्रचारक के रूप में शामिल किया है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।
इस लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के सीएम हिमंत विश्वशर्मा का नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, राज्य के भाजपा प्रमुख नलिन कुमार कटील, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई भी 40 स्टार प्रचारकों की सूची में मौजूद है। स्टार प्रचारकों में शामिल अन्य केंद्रीय मंत्रियों की बात करें तो इसमें निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मांडविया शामिल हैं।
साथ ही साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा सत्ता बरकरार रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। विपक्षी कांग्रेस भी सत्ता में लौटने के प्रयासों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।