गुवाहाटी : असम प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अंकिता दत्त द्वारा युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास के खिलाफ दायर यौन शोषण मामले में  हिमंत विश्व शर्मा की सरकार काफी सक्रिय हो गई है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां जोरों पर हैं। इस बीच राज्य के सबसे प्रभावशाली कांग्रेस नेताओं में से एक श्रीनिवास के खिलाफ अंकिता दत्त के मानसिक और शारीरिक शोषण के आरोपों को व्यापक रूप से भाजपा द्वारा एक साजिश बताया जा रहा है। इसी बीच असम पुलिस ने अंकिता दत्त का मामला दर्ज कर जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है।

अंकिता दत्त ने श्रीनिवास के खिलाफ रायपुर के होटल में यौन शोषण का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है और उसके आधार पर दिसपुर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 509/294/341/352/354/354 (ए) (द्ब1)/506 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत एक मामला दर्ज किया है।  इस संबंध में पुलिस ने शुक्रवार को कामरूप जिले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अंकिता दत्त का बयान दर्ज किया। कहा जा रहा है कि अंकिता दत्त के मामले में कांग्रेस के प्रभावशाली राष्ट्रीय युवा नेता श्रीनिवास को असम पुलिस द्वारा किसी भी समय गिरफ्तार किया जाना निश्चित है। अंकिता दत्त ने न सिर्फ श्रीनिवास, बल्कि यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव वर्धन यादव के खिलाफ भी शिकायत की है।

उन्होंने सोशल मीडिया के साथ-साथ मीडिया में भी वर्धन यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वर्धन यादव पहले ही अंकिता दत्ता को लीगल नोटिस भेज चुके हैं। इस बीच, एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के लिए अंकिता दत्त को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एपीसीसी युवा नेता को कांग्रेस से निलंबित करने की भी तैयारी कर रही है।