नई दिल्ली : सीबीआई ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को बीमा घोटाले से जुड़े सवालों का जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया। सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले में जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक को मौखिक तौर पर समन भेजा है। उन्हें एजेंसी ने 27 और 28 अप्रैल को पेश होने के लिए कहा गया है। हालांकि, इस संबंध में सीबीआई ने फिलहाल पुष्टि नहीं की है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने जम्मू-कश्मीर में दो प्रोजेक्ट में गड़बड़ियों को लेकर केस दर्ज किया था। इसी मामले में सीबीआई ने सत्यपाल  मलिक को बुलावा भेजा है। मलिक ने दावा किया था कि उन्हें दो फाइल साइन करने के लिए 300 करोड़ का ऑफर मिला था।

हालांकि, सीबीआई ने पिछले साल अक्तूबर में भी जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल से पूछताछ की थी। वहीं जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के समर्थन में शनिवार को खाप पंचायत की बैठक बुलाई गई है। पुलवामा हमले को लेकर चूक के आरोप लगाने वाले सत्यपाल मलिक वापस लिए जा चुके कृषि कानूनों के खिलाफ भी काफी मुखर थे। अब उनके समर्थन में हरियाणा की खाप पंचायतों ने बैठक बुलाई है। मेघालय के राज्यपाल रहते हुए सत्यपाल मलिक ने किसानों की ओर से कृषि कानूनों का विरोध किया था। इसके अलावा, हाल ही में मलिक ने पुलवामा हमले में चूक का भी आरोप लगाया था। विभिन्न मुद्दों पर रुक-रुक कर आंदोलन कर रहे पंजाब और हरियाणा में किसानों के एक वर्ग ने सत्यपाल मलिक की सराहना की है। अब हरियाणा की कुछ खाप मलिक के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए शनिवार को दिल्ली में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम के लिए समर्थन जुटा रही हैं। खापों का मानना है कि मलिक को इस वक्त उनके समर्थन की जरूरत है क्योंकि वह सत्ताधारी लोगों के खिलाफ आवाज उठाई है।