चंडीगढ़ : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल (95) का मंगलवार को निधन हो गया। शुक्रवार सुबह तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें मोहाली के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। वे 5 बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे। जून 2022 में भी सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। कुछ समय बाद अस्पताल से उनकी छुट्टी हो गई थी। सितंबर 2022 को फिर सेहत बिगडऩे के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था। प्रकाश सिंह बादल ने 2022 में पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ा था। अपने राजनीतिक करियर में पहली बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अधिक उम्र के कारण वह ये चुनाव लडऩा नहीं चाहते थे, लेकिन सुखबीर सिंह बादल के कहने और पंजाब में अकाली दल की दयनीय स्थिति के बाद प्रकाश सिंह बादल चुनावी मैदान में उतरे थे।

प्रकाश सिंह बादल ने साल 1947 में राजनीति शुरू की थी। उन्होंने सरपंच का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। तब वह सबसे कम उम्र के सरपंच बने थे। 1957 में उन्होंने सबसे पहला विधानसभा चुनाव लड़ा। 1969 में उन्होंने दोबारा जीत हासिल की। 1969-70 तक वह पंचायत राज, पशु पालन, डेयरी आदि मंत्रालयों के मंत्री रहे। इसके अलावा वह 1970-71, 1977-80, 1997-2002 में पंजाब के मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा 1972, 1980 और 2002 में विरोधी दल के नेता भी बने। मोरारजी देसाई के प्रधानमंत्री रहते वह सांसद भी चुने गए। वहीं 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव लडऩे के बाद वह सबसे अधिक उम्र के उम्मीदवार भी बने। वहींप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक जताया और कहा कि उन्होंने ना सिर्फ पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किए, बल्कि देश के विकास में भी बहुत योगदान दिया।

मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि प्रकाश सिंह बादल के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति के एक विशाल व्यक्तित्व और एक उल्लेखनीय राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास में बहुत योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया और महत्वपूर्ण समय के दौरान राज्य को नेतृत्व दिया। बादल के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने कई दशकों तक उनके साथ निकटता से बातचीत की है और उनसे बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि मुझे हमारी कई बातचीत याद है, जिसमें उनकी बुद्धिमत्ता हमेशा स्पष्ट रूप से झलकती थी। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति संवेदना।