तिरुवनंतपुरम : प्रधानमंत्री नरेंद्र्र मोदी ने मंगलवार को केरल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन और कोच्चि वाटर मेट्रो सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया और कहा कि जैसे-जैसे राज्यों का विकास होगा, देश तेजी से विकास करेगा। यहां के सेंट्रल स्टेडियम में प्रधानमंत्री ने 3200 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सहकारी संघवाद पर जोर देती है और मानती है कि अगर राज्यों का विकास होता है तो इससे देश के विकास में मदद मिलेगी।
मोदी ने कहा कि हमारी सरकार सहकारी संघवाद पर बल देती है, राज्यों के विकास को देश के विकास का सूत्र मानती है। केरल का विकास होगा तो भारत का विकास और तेज होगा, हम इस सेवा भावना के साथ काम कर रहे हैं। दक्षिणी राज्य के दो दिवसीय दौरे पर आए मोदी ने इससे पहले केरल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सेवा राज्य की राजधानी को कासरगोड से जोड़ेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस 11 जिलों क्रमश: तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, पठानमथिट्टा, मलप्पुरम, कोझिकोड, कन्नूर और कासरगोड स्थानों से गुजरेगी। केरल का पारंपरिक कसावु मुंडु, शॉल और कुर्ता पहने मोदी ने स्टेडियम में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि केरल बहुत ही जागरूक, समझदार और शिक्षित लोगों का प्रदेश है और यहां के देश-विदेश की परिस्थितियों से भी भलीभांति परिचित रहते हैं।
वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद भारत को वैश्विक स्तर पर 'विकास के चमकते केंद्र' के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में दुनिया के विश्वास के पीछे कई कारण हैं और इनमें केंद्र में एक निर्णायक सरकार का होना, इसके द्वारा बुनियादी ढांचे के विकास में अद्वितीय निवेश करना, जनसांख्यिकीय लाभांश प्राप्त करने के लिए निवेश करना, युवाओं को कुशल बनाना, जीवन जीने की सुगमता और व्यवसाय की सुगमता के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता शामिल है। उन्होंने कहा कि आज भारत की विश्व में जो साख बढ़ी है, उसमें एक बड़ी भूमिका केंद्र सरकार के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी है और इसका बहुत बड़ा फायदा केरल के लोगों को भी मिला है, जो दूसरे देशों में रहते हैं।