नई दिल्ली: उग्रवादी समूह डिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी (डीएनएलए) ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा की उपस्थिति में सरकार के साथ एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किये। डीएनएलए असम के डिमा हसाओ जिले में अधिक सक्रिय है। समूह द्वारा समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद, गृह मंत्री ने कहा कि असम में अब कोई आदिवासी उग्रवादी समूह नहीं है।
शाह ने कहा कि इसके साथ, असम में सभी आदिवासी उग्रवादी समूह मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। एमओयू के अनुसार, डीएनएलए हथियार डालेगा और संविधान का पालन करेगा। डीएनएलए के कुल 179 सदस्य अपने हथियार और गोला-बारूद सौंपेंगे। दिमासा आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार 500-500 करोड़ रुपए प्रदान करेगी। डीएनएलए ने सितंबर 2021 को मुख्यमंत्री की अपील के बाद छह महीने की अवधि के लिए एकतरफा संघर्ष विराम की घोषणा की थी, तब से संघर्ष विराम को बढ़ाया जाता रहा।