नई दिल्ली : आजकल देश की राजनीति में अडाणी नाम चर्चा में हैं। पक्ष-विपक्ष इस नाम को लेकर एक दूसरे पर वार करता दिख रहा है। जहां कांग्रेस पीएम मोदी पर निशाना साध रही थी। वहीं अब असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती दी है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने राहुल गांधी को एनसीपी प्रमुख शरद पवार के खिलाफ ट्वीट करने की चुनौती दी है। असम के मुख्यमंत्री ने एक कार्यक्रम के दौरान शरद पवार और गौतम अडाणी के बीच हुई मुलाकात के बाद यह मांग की है। असम के सीएम शर्मा ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि हम अडाणी के दोस्त हैं। मैं उन्हें जानता भी नहीं हूं।
पूर्वोत्तर के लोगों को अडाणी, अंबानी, टाटा तक पहुंचने में थोड़ा समय लगेगा। जो भी हो... हम वहां पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, क्या राहुल गांधी में हिम्मत है। मैं चुनौती देता हूं, शरद पवार के खिलाफ ट्वीट करने के लिए? यह पूछने के लिए कि अडाणी के साथ पवारजी का क्या संबंध है? तो यह सुविधा की राजनीति है। हिमंत विश्वशर्मा ने कहा कि राहुल गांधी बीजेपी और अडाणी पर आए दिन कुछ न कुछ ट्वीट करते हैं, लेकिन जब गौतम अडाणी शरद पवार के घर जाते हैं और दो से तीन घंटे बिताते हैं, क्यों राहुल रोज लोगों को गुमराह करते हैं। मुझे शरद पवार के अडाणी जी से मिलने में कोई समस्या नहीं है। राहुल गांधी ने हाल ही के एक ट्वीट में हिमंत विश्शर्मा, गुलाम नबी आजाद सहित कुछ पूर्व कांग्रेसियों के नाम का जिक्र किया और उन्हें अडाणी से जोड़ते हुए लिखा कि वे सच्चाई छिपाते हैं, इसलिए वे हर रोज गुमराह करते हैं।
हिमंत विश्वशर्मा ने ट्वीट के लिए राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी दी। उद्योगपति गौतम अडाणी ने 20 अप्रैल को मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी। अडाणी की पवार से यह मुलाकात मुंबई में उनके आवास पर हुई। सूत्रों ने कहा कि मुलाकात सुबह दक्षिण मुंबई में स्थित पवार के आवास सिल्वर ओक में हुई, जो लगभग दो घंटे तक चली। पवार ने इस महीने की शुरुआत में अडाणी समूह का बचाव किया था और उसके बारे में हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट की आलोचना की थी।