तुमकुर : कर्नाटक विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। बीजेपी शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री कर्नाटक चुनाव प्रचार के लिए मैदान में हैं। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने तुमकुर में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस कुछ कर सकती है। किसी को यह ख्याल नहीं रखना चाहिए कि कांग्रेस सत्ता में आएगी। कांग्रेस अगले 100 साल तक नहीं जीत पाएगी।
कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए हिमंत ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की है। सिद्धारमैया की सरकार में 1700 पीएफआई मेंबर्स को जेल से छोड़ा गया, वहीं भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पीएफआई पर बैन लगाकर देशविरोधी ताकतों पर कड़ा प्रहार किया है।
पीएफआई ने पूरे भारत में आतंक का माहौल बनाने का काम किया लेकिन कांग्रेस ने कभी भी पीएफआई पर बैन नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी तुष्टिकरण की राजनीति नहीं करती है। हम देश के गरीबों को अधिकार देने के काम करते हैं। कोराना काल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर में फ्री राशन पहुंचाया, सभी को फ्री वैक्सीन का इंतजाम किया। किसानों के लिए किसान सम्मान निधि शुरू की गई।
लेकिन यहां राहुल गांधी कह रहे हैं कि मैं गारंटी ले रहा हूं, अरे बाबा, जब तुम्हारे एमपी सीट की गारंटी नहीं है, तुम किसकी गारंटी ले रहे हो। आज डबल इंजन सरकार की वजह से कर्नाटक के युवा अपनी मातृभाषा में एमबीबीएस कर सकते हैं, एसएससी की परीक्षा दे सकते हैं।
इससे पहले सीएम हिमंता विश्व सरमा ने कांग्रेस के जीत के दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि कांग्रेस ने जरूर ईवीएम के बारे में कुछ जानकारी हासिल की होगी, तभी वो जीत के दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेसी ईवीएम की गड़बड़ी के बारे में शिकायत करते थे, ऐसे में अगर कांग्रेसी पहले से ही जीत की भविष्यवाणी कर रहे हैं तो लगता है कि कर्नाटक में कांग्रेस को ईवीएम के बारे में कुछ जानकारी हासिल हो गई होगी।