डिब्रूगढ़ :  डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के 21वें दीक्षांत समारोह के आयोजन की तैयारियां  पूरी हो चुकी है। दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शिरकत करेंगे। समारोह में इस मौके पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा, केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली और असम के शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु मौजूद रहेंगे।

जानकारी के अनुसार उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ कल एक दिवसीय दौरे पर असम के डिब्रूगढ़ और मणिपुर के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सुबह डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय के 21वे दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे, जिसके बाद वे दोपहर में मणिपुर के इंफाल में धनमंजुरीविश्वविद्यालय के छात्रों और फैकल्टी के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस सत्र में युवाओं को अपने विचारों को रखने का मौका मिलेगा।

दौरे के अंतिम चरण में धनखड़ इंफाल में मणिपुर विश्वविद्यालय जाएंगे, जहां वे देशभर के विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के संकायों व वैज्ञानिकों के साथ एक संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम में मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह और केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री डॉ राजकुमार रंजन सिंह भी उपस्थित रहेंगे। धनमंजुरी विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मणिपुर सरकार के शिक्षा मंत्री बसंत सिंह भी मौजूद रहेंगे।