बेंगलुरु: कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने घोषणा-पत्र जारी करते हुए कहा कि सत्ता में आए तो बजरंग दल और पीएफआई जैसे संगठनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोनों ही संगठनों पर बैन लगाएंगे। वहीं, इस पर असम के सीएम हिमंत विश्व शर्मा ने पलटवार किया है और कहा कि केरल में कांग्रेस ने मुस्लिम लीग से गठबंधन किया। पहले इन लोगों ने पीएफआई पर बैन की बात क्यों नहीं की? कांग्रेस ने पीएफआई नेताओं के केस वापस क्यों लिए? उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र को मुसलमानों का मैनिफेस्टो बताते हुए कहा कि आज जिन्ना जिंदा होता तो भी ऐसा घोषणापत्र नहीं जारी करता। आप जिन्ना से भी नीचे गिर गए हैं।

हिमंत  ने कहा कि गृह मंत्री ने पीएफआई  को बैन किया तो कांग्रेस बोल रही है कि वे बजरंग दल को बैन करेंगे, मुस्लिम आरक्षण को फिर से शुरू करेंगे। कांग्रेस ने जो घोषणापत्र जारी किया है वह पूरा मुसलमान घोषणा पत्र है। असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस बोल रही है मुस्लिम रिजर्वेशन फिर से शुरू करेंगे। गोहत्या को रेग्युलराइज कर देंगे। धर्मांतरण कानून खत्म कर देंगे। जिन्ना भी जिंदा होता तो ऐसा घोषणापत्र नहीं देता, लेकिन आज ये (कांग्रेस) जिन्ना से भी नीचे चले गए। कांग्रेस मुस्लिम फंडामेंटलिस्ट पार्टी बन गई है। उन्होंने कहा कि हम बजरंग दल को बैन करेंगे, क्योंकि आपने पीएफआई को बैन किया है। जिन्ना भी इतना कम्युनल मैनिफेस्टो जारी नहीं करता। जिन्ना से भी ज्यादा कांग्रेस कट्टर हो चुकी है।

वह नीचे गिर चुकी है।  हिमंत  ने यूसीसी पर कहा कि एक बार कर्नाटक में समान नागरिक संहिता लागू हो जाने के बाद, महिलाओं के पास कानूनी अधिकार होंगे और वे अपने पुरुष समकक्षों के बराबर नागरिक बन जाएंगी। यह लंबे समय से प्रतीक्षित सामाजिक न्याय है, जिसे हम इस बार प्रदान करेंगे। नागरिकता संशोधन अधिनियम पहले ही पारित हो चुका है और यह केवल नियमों को अपनाने की बात है। एक बार जब हम ऐसा कर लेते हैं तो आपके पास नागरिकों का एक राष्ट्रीय रजिस्टर हो सकता है जो फूलप्रूफ होगा। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की मोदी की तुलना सांप से करने का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि जब कांग्रेस के भ्रष्टाचार की बात आती है तो मोदी भगवान शिव के गले का सांप हैं और वह निश्चित रूप से उन्हें (कांग्रेस) को डंसेंगे। उन्हें इसके लिए तैयार रहना चाहिए।