शिवसागर : शिवसागर में गत दो मई को बिहू आयोजन समिति के सदस्य श्रृंखल चालिहा को गिरफ्तार करने के बाद एक के बाद एक चल रहे घटनाक्रम के बीच आज तीसरे दिन भी लोगों में उत्तेजना और भय का महौल देखा गया। हालांकि प्रशासन की ओर से जारी व्यवस्था के कारण शहर में पूरी तरह से शांति बनी हुई है। कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी चौकसी बरती जा रही है। इसी बीच आज शिवसगर सदर थाने के थाना प्रभारी कुलेंद्र हुजरी को निलंबित कर दिया गया। इस संबंध में शिवसागर के जिला पुलिस अधीक्षक शुभ्रज्योति बोरा ने बताया कि ऊपर से मिले आदेश के तहत थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें किस कारण से निलंबित किया गया। आशंका जताई है कि एक व्यापारी के साथ बिहू चंदे को लेकर हुई बहस के बाद व्यापारी के मुंह पर थूकने के मामले में गिरफ्तार श्रृंखल चालिहा के मामले में लापरवाही बरतने के लिए शिवसागर सदर थाने के प्रभारी कुलेंद्र हुजूरी को निलंबित किया गया है, परंतु इस संबंध में कोई भी स्पष्ट जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

इसी बीच आज अपराहन तीन बजे वीर लाचित सेना की शिवसागर जिला समिति की ओर से जिला उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया गया और संगठन के नेता श्रृंखल चालिहा को  बिना शर्त रिहाई की मांग की गई। इस संबंध में संगठन के नेताओं का कहना था कि उनके नेता पर जो आरोप लगा था, उसके   लिए अदालत की ओर से  उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया, परंतु उन्हें किस कारण से और क्यों गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में पुलिस द्वारा कोई जानकारी नहीं दी जा रही है और न ही श्रृंखल चालिहा से किसी को भी मिलने दिया जा रहा है।

अगर श्रृंखल चालिहा पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया गया है तो वह क्यों लगाया है, उस संबंध में उन्हें जानने का अधिकार है, वही शिवसागर में चंदे को लेकर चल रही जोर जबरदस्ती के मद्देनजर अब पुलिस पूरी तरह चौकन्नी हो चुकी है और पुलिस को जहां से भी शिकायत मिल रही है, उसकी पूरी तहकीकात करके दोषियों को पकडऩे का प्रयास कर रही है। इस संबंध में आज भी पुलिस द्वारा कई प्रतिष्ठानों में जाकर जोर जबरदस्ती बिहू के चंदे की मांग करने के संबंध में तहकीकात की गई। कुल मिलाकर शिवसागर में ऊपर से दबाव आने के बाद पुलिस पूरी तरह से सख्त हुई है। परंतु इन सब के बीच लोगों के मन में अभी भी भय और उत्तेजना का माहौल है और यह कुछ दिनों तक इसी तरह बने रहने की संभावना भी है।