गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने वृहस्पतिवार को डिफू में आयोजित एक समारोह में कार्बी पहाडिय़ों में समावेशी विकास और प्रगति के एक नए युग की शुरुआत करते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के तहत कुल मिलाकर 2,500 करोड़ रुपए की 46 परियोजनाओं की आधारशिला रखी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि आज के शिलान्यास का उद्देश्य कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के लिए पिछले साल के चुनाव प्रचार के दौरान उनके द्वारा किए गए वादों को पूरा करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्बी आंगलांग के निवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कई सड़क परियोजनाओं- जैसे 922 करोड़ रुपए की लागत से हमरेन को हावड़ाघाट को जोडऩे वाली 75 किलोमीटर लंबी सड़क के सुधार और उन्नयन, 26 करोड़ रुपए की लागत से एक नया उपायुक्त कार्यालय परिसर का निर्माण सहित अन्य योजनाएं उल्लेखनीय हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने कहा कि 300 करोड़ रुपए की लागत से 130 मॉडल आंगनबाडी केन्द्रों के निर्माण, जल जीवन मिशन के लिए 895 करोड़ रुपए का आवंटन आदि परियोजनाएं कार्बी पहाडिय़ों के निवासियों के उत्थान के प्रति राज्य और केंद्र में मौजूदा व्यवस्थाओं की प्रतिबद्धताओं को प्रकट करती है।  कार्बी पहाडिय़ों के निवासियों के उत्थान की दिशा में राज्य और केंद्र दोनों तत्पर है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अरुणोदय योजना के लाभार्थियों को प्रति माह 1400 रुपए की राशि का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने आयुष्मान भारत जैसी सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं के बारे में भी बताया और आम जनता से सरकार की ओर से प्रदान की जा रही सुविधाओं को प्रभावी बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने हाल ही में देखे गए अभूतपूर्व विकास के लिए कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तुलीराम रंगहांग की भूमिका की भी सराहना की। बाद में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में डिफू के पास डिल्लई में आयोजित कार्बी छात्र संघ की केंद्रीय कार्यकारी समिति की 50वीं वार्षिक आम बैठक में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कार्बी समाज के सामाजिक आर्थिक उत्थान में भूमिका के लिए कार्बी छात्र संघ की प्रशंसा की। उन्होंने नागरिक समाज संगठनों के सदस्यों से कार्बी समाज के सामाजिक-आर्थिक उत्थान की दिशा में काम करने की भी अपील की।