नई दिल्ली : भारतीय मूल के अजय बंगा को  वर्ल्ड बैंक का नया अध्यक्ष चुना गया है। वे 2 जून को पद संभालेंगे। उनका कार्यकाल 5 साल के लिए होगा। अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने उन्हें इस पद के लिए नॉमिनेट किया था। अजय बंगा का जन्म पुणे में 10 नवंबर 1959 को हुआ था। उनके पिता हरभजन सिंह बंगा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल थे। उन्होंने जालंधर और शिमला से स्कूलिंग की है। डीयू से ग्रेजुएशन और आईआईएम अहमदाबाद से एमबीए किया है। 2016 में भारत सरकार उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित कर चुकी है।

मास्टरकार्ड के सीईओ रह चुके बंगा  वर्ल्ड बैंक के अध्यक्ष बनने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति होंगे। 63 साल के भारतीय-अमरीकी बंगा प्राइवेट इक्विटी फंड जनरल अटलांटिक के वाइस चेयरमैन हैं। अजय उस भारतीय-अमरीकी पीढ़ी के हैं, जिन्होंने पढ़ाई भारत में की और अमरीका में अपनी काबिलियत की धाक जमा दी। उनकी जिंदगी मेहनत, संघर्ष और सफलता की कहानी है।

पढ़ाई पूरी करने के बाद 1981 में उन्होंने नेस्ले इंडिया में बतौर मैनेजमेंट ट्रेनी जॉइन किया और 13 साल में मैनेजर बन गए। इसके बाद वे पेप्सिको के रेस्टोरेंट डिवीजन का हिस्सा बने। यह उदारीकरण का दौर था, जब बंगा ने भारत में पिज्जा हट और केएफसी के लॉन्च में बड़ी भूमिका निभाई। बंगा 1996 में सिटी ग्रुप के मार्केटिंग हेड बने।