गुवाहाटी : साढ़े तीन साल की बच्ची के खिलाफ क्रूर प्रताडऩा चलाने के आरोप में आखिरकार चिकित्सक पिता वलीउल इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को डॉ. वलीउल इस्लाम की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की गई, जबकि अन्य आरोपी, बच्ची की मां, मनोचिकित्सक संगीता दत्त फिलहाल फरार है। पड़ोसियों से मिली जानकारी के मुताबिक बच्ची को उसके घर की छत पर घंटों तपती धूप में एक खंभे से बांध कर रखा जाता था।

गौरतलब है कि बच्ची की मां संगीता दत्त एक मनोचिकित्सक होने के साथ प्राय: इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से जनता को सलाह देते देखी जाती थी। जबकि उसका असली चेहरा अब सामने आ रहा है। वह अपने ही घर में अपनी बच्ची के साथ दुव्र्यवहार कर रहीं थी। चाइल्ड लाइन और सामाजिक रूप से जागरूक   व्यक्तियों की शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को गुवाहाटी के पलटन बाजार पुलिस ने मणिपुरी बस्ती स्थित रोमा एन्क्लेव में छापा मारा।

अभियान के दौरान डॉ. वलीउल इस्लाम और डॉ. संगीता दत्त के फ्लैट के छत पर बच्ची खंभे से बंधी पाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने पहले बच्ची के पिता डॉ. वलीउल इस्लाम और बाद में वह उनके घर में नौकरानी का काम करने वाली लक्ष्मी राय को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद डॉ. वलीउल इस्लाम ने थाने के अंदर नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत डॉ. वलीउल को जीएमसीएच में भर्ती कराया लेकिन इलाज के बाद रात में ही उन्हें वापस थाने ले जाया गया। वलीउल इस्लाम की गिरफ्तारी के बाद संगीता दत्त ने सोशल मीडिया के जरिए खुद को निर्दोष बताया और सफाई दी। हालांकि, पुलिस द्वारा डॉ. वलीउल इस्लाम और नौकरानी लक्ष्मी राय की गिरफ्तारी की आधिकारिक घोषणा के बाद डॉ. संगीता दत्त फरार है।

आरोपी संगीता दत्त को अब पुलिस ने फरार घोषित कर दिया है। बच्ची को प्रताडि़त किए जाने का एक वीडियो मीडिया के हाथ लगा है जिसमें जांच अधिकारी ने बच्ची से पूछा कि उसे किसने बांधा है तो उसने कहा कि उसके माता-पिता ने उसे बांधा है। आरोपी नौकरानी लक्ष्मी राय ने मीडिया को बताया कि संगीता दत्त ने उसे बच्ची को बांधने के लिए कहा था इसलिए उसने एक बार बच्ची को बांध दिया था।

उसने मीडिया से कहा कि वह सिर्फ दो महीने से उनके घर में काम कर रही है। पुलिस ने शुक्रवार को बच्ची को छुड़ा लिया और प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच के बाद उसे गुवाहाटी के बेलतला स्थित अनाथालय भेज दिया। शनिवार सुबह बच्ची को नहलाते समय एक और भयानक तथ्य सामने आया। अनाथालय के निदेशक ने मीडिया को बताया कि बच्ची के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोटों के निशान मिले हैं। बच्ची के गुप्तांग पर जलने का निशान भी पाया गया है।

अनाथालय के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि बच्ची ने बताया है कि चोट के निशान को छूने से उसे दर्द होता है। रविवार को बच्ची को फिर से मेडिकल जांच के लिए जीएमसीएच ले जाया जाएगा। इस बीच, राज्य बाल संरक्षण आयोग ने गुवाहाटी पुलिस आयुक्त को एक पत्र भेजकर निर्देश दिया कि अगर डॉक्टर दंपति ने उसे गोद लिया है तो बच्चे के विवरण की जांच करें।

बाल संरक्षण आयोग के पत्र में यह भी कहा गया है कि 2019 में डॉ. वलीउल इस्लाम की पूर्व पत्नी ने आयोग से शिकायत की थी कि डॉक्टर ने उनके बच्चे के साथ दुव्र्यवहार किया था। हालांकि, डॉ. वलीउल इस्लाम ने पीडि़ता को अपने बच्ची होने का दावा किया, लेकिन कोई जन्म प्रमाण पत्र पेश नहीं कर सके। पुलिस को बच्ची को अवैध रूप से गोद लिए जाने का संदेह  है।

पलटन बाजार पुलिस ने कहा कि रिश्ते की पुष्टि के लिए बच्ची का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। इस बीच इस बाल शोषण की घटना के खिलाफ पलटन बाजार पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 307/326 के तहत 193/2023 नंबर का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को शनिवार को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया। अदालत ने डॉक्टर इस्लाम को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया जबकि नौकरानी लक्ष्मी राय को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस दौरान फरार डॉ. संगीता दत्त की गिरफ्तारी के लिए गुवाहाटी पुलिस ने 3 टीमें बनाई है।