गुवाहाटी: राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मंगलवार को गुवाहाटी महानगर के माछखोवा स्थित प्रागज्योति आईटीए सभागार में आयोजित रवींद्रनाथ टैगोर का 162वां जयंती समारोह में भाग लिया। असम भाषाई अल्पसंख्यक विकास बोर्ड, सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कटारिया ने कहा कि टैगोर संगीत और साहित्य की दुनिया में एक किंवदंती थे जो राष्ट्रों के बीच सद्भावना के दूत भी थे। रवींद्रनाथ ने संगीत को शांति और सद्भाव के साधन में बदल दिया।
कटारिया ने कहा कि अपने प्रगतिशील लेखन के माध्यम से रवींद्रनाथ ने पूर्वाग्रह की दीवारों को गिराने और लोगों को मानव जाति की आवश्यक एकता की याद दिलाने का प्रयास किया। राज्यपाल ने कहा कि गुरुजी द्वारा स्थापित विश्वभारती विश्वविद्यालय आज भी भारत के सांस्कृृतिक और सौंदर्य मूल्यों का अनुभव करने के इच्छुक अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए आकर्षण का केंद्र है। राज्यपाल ने कहा कि आज, 162 साल के बाद भी रवींद्रनाथ टैगोर का संगीत जीवित है। जिस तरह उनके लेखन को आलोचकों और साहित्य के पारखी लोगों द्वारा सराहा जाता है, उसी तरह उनके रवींद्र संगीत को उपमहाद्वीप में पीढिय़ों द्वारा अपनाया गया है और दुनिया भर में इसका अध्ययन किया जाता है।
श्री कटारिया ने आगे कहा कि महापुरुषों की जयंती और उनकी महान विभूतियों और करिश्माई कृतियों की याद दिलाना आज के संदर्भ में भी प्रासंगिक और उपयोगी है। उन्होंने कहा, आजकल महापुरुषों की जयंती पर उनके चित्र और प्रतिमाओं की विधिवत साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया जाता है, उनके गुणगान के कार्यक्रम होते हैं, रैलियां और प्रात: जुलूस निकाले जाते हैं, लेकिन इनका अर्थ तभी होता है जब हम उनके दिखाए मार्ग पर चलें और जीवन में उनकी शिक्षाओं का पालन करें। अपने मानवतावादी दृष्टिकोण के कारण वे सच्चे विश्वकवि थे।
साहित्य के क्षेत्र में उनके अपार योगदान के फलस्वरूप उन्हें साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर के चित्र पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। बोर्ड द्वारा प्रदेश भर में रवीन्द्र संगीत व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें राज्यपाल ने आज के समारोह में सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में पर्यावरण और वन मंत्री चंद्र मोहन पटवारी, जल संसाधन और संसदीय मामलों के मंत्री आदि पीयूष हजारिका, गुवाहाटी के मेयर मृगेन सरणिया, असम भाषाई अल्पसंख्यक विकास बोर्ड के अध्यक्ष शिलादित्य देव के साथ अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इससे पहले राज्यपाल कटारिया ग्रेटर गुवाहाटी रवीन्द्र जयंती उद्यापन समिति द्वारा जिला पुस्तकालय में आयोजित रवीन्द्र जयंती समारोह में भी शामिल हुए।